प्यार की खौफनाक दास्तां: संबंधों की खींचतान ने ले ली आरती की जान; तनाव, विवाद और पारिवारिक कलह बनी मौत का कारण
राजधानी देहरादून में प्रेम प्रसंग का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक बीएसएफ जवान पर अपनी प्रेमिका को जहर देकर हत्या करने का अरोप लगा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मियांवाला में हुई आरती की हत्या के पीछे जो वजहें निकलकर सामने आ रही हैं वह संबंधों की खौफनाक दास्तां बयां कर रही हैं। ये सनसनीखेज वारदात एक ऐसे रिश्ते की कहानी बयां कर रही हैं, जो लंबे समय से तनाव, विवाद और पारिवारिक कलह का कारण बना हुआ था। पुलिस जांच और परिजनों के बयानों से संकेत मिल रहे हैं कि विवाहेत्तर संबंध को लेकर दोनों परिवारों में तनाव था और आखिरकार इसी खींचतान का अंत आरती की हत्या के रूप में हुआ।
मृतका के पति अनिल बिष्ट ने पुलिस को बताया कि उनकी पत्नी आरती लंबे समय से प्रमेन्द्र नेगी के संपर्क में थी। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने कई बार पत्नी को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह न तो उनकी बात सुन रही थी और न ही अपने मायके पक्ष की सलाह मान रही थी। परिवार के लोगों ने भी उसे इस संबंध को समाप्त करने के लिए समझाया, लेकिन कोई असर नहीं हुआ।
उधर, हत्यारोपी प्रमेन्द्र नेगी की पत्नी भी इस रिश्ते से बेहद परेशान थी। बताया जा रहा है कि घटना से करीब तीन दिन पहले वह आरती के घर पहुंची थी, जहां दोनों पक्षों के बीच तीखी नोक-झोंक हुई। प्रमेन्द्र की पत्नी चाहती थी कि उसके पति का विवाहेत्तर संबंध हमेशा के लिए खत्म हो जाए, जबकि आरती का पति भी लगातार अपनी पत्नी पर इस रिश्ते को समाप्त करने का दबाव बना रहा था। दोनों परिवारों की ओर से संबंध खत्म कराने की कोशिशों के बावजूद विवाद लगातार बढ़ता गया।
सूत्रों के अनुसार, इस दौरान प्रमेन्द्र और आरती के बीच भी संबंधों को लेकर खींचतान शुरू हो गई थी। लगातार बढ़ते तनाव, पारिवारिक दबाव और आपसी विवाद ने हालात को इतना बिगाड़ दिया कि मामला हिंसक मोड़ तक पहुंच गया। इन्हीं परिस्थितियों ने घटना की पृष्ठभूमि तैयार की।
मोबाइल से खुलेगा राज
जांच एजेंसियां अब इस पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी हैं। पुलिस दोनों पक्षों के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल, चैट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच कर रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि घटना से पहले दोनों के बीच क्या बातचीत हुई थी और हत्या तक पहुंचने की वजह क्या बनी।
बीएसएफ जवान ने की शादीशुदा प्रेमिका की हत्या: पत्नी को भेजी लोकेशन, फिर खुद भी खाया जहर, अस्पताल में भर्ती
हत्या के आरोप में प्राथमिकी दर्ज
पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ हत्या सहित संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी अभी बयान देने की स्थिति में नहीं है। उसके स्वस्थ होने के बाद पूछताछ की जाएगी, जिसके बाद ही हत्या के पीछे की वास्तविक वजह पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी। आरोपी प्रमेन्द्र नेगी गुजरात के भुज में बीएसएफ में तैनात है। डोईवाला कोतवाली प्रभारी राकेश गुसाईं ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
शादी के वर्षोे बाद खुला राज
हत्यारोपी प्रमेंद्र और मृतका आरती के बीच चल रहे प्रेम संबंधों का राज दोनों की शादी के वर्षों बाद खुला। परिजनों ने पुलिस को बताया कि दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे और उन्हें कई बार समझाने का प्रयास भी किया गया था। मृतका विवाहित थी और उसके 17 व 15 वर्ष के दो बच्चे हैं। वहीं हत्यारोपी प्रमेंद्र भी विवाहित है। दोनों के बीच चल रहे इस प्रेम प्रसंग से दोनों के ही परिजन परेशान थे।
होमस्टे खाली कराया, कमरे में ताला लगाया
सनसनीखेज वारदात के बाद ब्रिज होमस्टे को खाली करा दिया गया है। जिस कमरे में घटना हुई वहां साक्ष्यों से कोई छेड़छाड़ न हो इसलिए पुलिस ने उस पर ताला लगाकर अपने कब्जे में ले लिया है। होम स्टे में घटना के संबंध में जानकारी मिलने पर सरकारी महकमों ने जांच शुरू कर दी है। इसके साथ ही उसमें पूर्व में हुईं गतिविधियों का भी पता लगाया जा रहा है।