डीएवी में गीतों के साथ गाली: दून पुलिस ने हरियाणवी गायक मासूम शर्मा को भेजा नोटिस, 15 दिन में जवाब तलब
वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए गायक को नोटिस भेजा गया है। उन्हें 15 दिनों के भीतर अपना पक्ष स्पष्ट करने के निर्देश दिए गए हैं।
विस्तार
डीएवी पीजी कॉलेज में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मंच से अभद्र भाषा का इस्तेमाल करना गायक मासूम शर्मा को भारी पड़ गया है। दून पुलिस ने इस मामले में सख्त रुख अपनाते हुए उन्हें नोटिस जारी किया है और 15 दिनों के भीतर जवाब देने के लिए कहा है।
कॉलेज में प्रस्तुति के दौरान हरियाणवी गायक मासूम शर्मा के गाली देने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद प्रदेशभर में लोगों के बीच आक्रोश देखने को मिल रहा है। देवभूमि की सांस्कृतिक गरिमा को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाते हुए लोगों ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए गायक को नोटिस भेजा गया है। उन्हें 15 दिनों के भीतर अपना पक्ष स्पष्ट करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस ने साफ किया है कि जवाब मिलने के बाद ही आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। यदि जवाब संतोषजनक नहीं पाया जाता है, तो मामले में सख्त कदम उठाए जा सकते हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मासूम शर्मा के खिलाफ इस घटना को लेकर कई शिकायतें प्राप्त हुई हैं। इन शिकायतों में कार्यक्रम के दौरान अनुशासनहीनता और अभद्र व्यवहार के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने सभी शिकायतों की जांच शुरू कर दी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Dehradun: डीएवी कॉलेज छात्रसंघ समारोह, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने की शिरकत
बता दें कि विवाद बढ़ने के बाद गायक मासूम शर्मा ने सार्वजनिक रूप से माफी भी मांग ली है। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से कहा कि उनका किसी की भावनाओं को आहत करने का कोई इरादा नहीं था और यदि किसी को ठेस पहुंची है तो वे उसके लिए खेद व्यक्त करते हैं। हालांकि, उनकी इस माफी के बावजूद लोगों का गुस्सा शांत होता नजर नहीं आ रहा है।
स्थानीय संगठनों और आम नागरिकों का कहना है कि उत्तराखंड को देवभूमि कहा जाता है, जहां सांस्कृतिक और सामाजिक मर्यादाओं का विशेष महत्व है। ऐसे में सार्वजनिक मंच से इस तरह की भाषा का इस्तेमाल अस्वीकार्य है। कई लोगों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग भी की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। फिलहाल, इस पूरे मामले में सभी की नजर पुलिस की आगे की कार्रवाई पर टिकी हुई है। आने वाले दिनों में यह स्पष्ट होगा कि गायक के जवाब के आधार पर प्रशासन क्या कदम उठाता है।
गायक को दी गई थी धमकी
इस मामले में एक और नई जानकारी सामने आई है। आयोजक मंडल में शामिल एक व्यक्ति के मुताबिक एक दिन पहले गायक मासूम शर्मा को कुछ लोगों की ओर से धमकी मिली थी। गायक इसी बात से आक्रोशित थे। कार्यक्रम जब समापन की ओर था तब इसी गुस्से में उन्होंने गाली दी। हालांकि उन्हें विधायक उमेश शर्मा ने गाली देने से रोका था।
डीएवी पीजी कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में गायक मासूम शर्मा के गाली देते हुए वीडियो वायरल होने का मामला संज्ञान में आया है। इस मामले में डालनवाला थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। सभी तथ्यों का बारीकी से अवलोकन किया जा रहा है। जांच में जो भी निष्कर्ष निकलेगा उसी आधार पर आगे कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
- प्रमोद कुमार, एसपी सिटी