Haridwar: कार ने स्कूटी सवार को रौंदा, मौत के बाद लोगों ने काटा हंगामा, पुलिस से हुई धक्का मुक्की
अपनी पत्नी को कांगड़ी छोड़कर कुछ जरूरी सामान लेने के लिए हरिद्वार की ओर जा रहे थे। जैसे ही वह चंड़ी चौकी के समीप पहुंचा तो पीछे से आ रही एक कार ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। इसके बाद लोगों ने चौकी में हंगामा कर दिया।
विस्तार
श्यामपुर थाना क्षेत्र में चंडीचौकी के पास बुधवार देर शाम एक सड़क हादसा हो गया। कांगड़ी की ओर से आ रही एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार कार ने स्कूटी सवार को पीछे से टक्कर मार दी जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। आरोप है कि कार चालक नशे में धुत था और उसने इस दौरान कई अन्य वाहनों को भी अपनी चपेट में लिया। हादसे के बाद लोगों की भीड़ जमा हो गई और हंगामा काटा। पथराव कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने बल प्रयोग कर भीड़ को तितर भीतर कर मामले को शांत किया।
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों से के अनुसार, प्रवेश (40) निवासी चंडीघाट बस्ती हाल पता कांगड़ी अपनी पत्नी को कांगड़ी छोड़कर कुछ जरूरी सामान लेने के लिए हरिद्वार की ओर जा रहे थे। जैसे ही वह चंड़ी चौकी के समीप पहुंचा तो पीछे से आ रही एक कार ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी सवार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
बताया जा रहा है कि कार में चालक समेत कुल चार लोग सवार थे और सभी नशे की हालत में थे। स्कूटी को टक्कर मारने के बाद भी कार नहीं रुकी और चालक ने आगे चल रही दो अन्य कारों और दो-तीन दोपहिया वाहनों को भी जोरदार टक्कर मारी। इस हादसे में कई लोग घायल हुए हैं, जिन्हें आनन-फानन में उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया गया है।
हादसे देख मौके पर राहगीरों और ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। नशे में धुत कार सवारों की इस करतूत से लोगों में भारी आक्रोश था। मौके पर पहुँची पुलिस ने जब स्थिति को संभालने का प्रयास किया तो भीड़ और पुलिस कर्मियों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। हंगामा बढ़ता देख पुलिस को मजबूरन बल प्रयोग करना पड़ा। पुलिस ने लोगों को मौके से खदेड़ा। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल कार और उसमें सवार चारों युवकों को हिरासत में ले लिया है। श्यामपुर थाना प्रभारी मनोहर भंडारी ने बताया कि घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। मामले में तहरीर आने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
कार सवार ने स्कूटी सवार को टक्कर मारी जिसकी मौत हो गई। आसपास के बस्ती लोग हंगामा किए और भीड़ लगा रहे थे। व्यवस्था को संभालने के लिए कार चालक को तत्काल हिरासत में लिया गया है। फिलहाल, पूरे प्रकरण पर नजर बनाकर रखी गई है। किसी प्रकार से कानून व्यवस्था बिगड़ने नहीं दी जाएगी।
-शिशुपाल सिंह नेगी, सीओ सिटी
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.