Samwad 2026: 'संवाद' में शामिल होंगे सीएम पुष्कर सिंह धामी, विकास, भविष्य की योजनाओं पर साझा करेंगे विचार
अमर उजाला 24 जून को 'अमर उजाला संवाद उत्तराखंड 2026' आयोजित कर रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे। वह राज्य के विकास रोडमैप पर विचार साझा करेंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अमर उजाला 24 जून को देहरादून में 'अमर उजाला संवाद उत्तराखंड 2026' का आयोजन कर रहा है। सतत विकास की थीम पर आयोजित हो रहे इस संवाद में विभिन्न क्षेत्रों की ऐसी हस्तियां शामिल होंगी, जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्र में न सिर्फ पहचान बनाई है, बल्कि लाखों लोगों को प्रभावित भी किया है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी होंगे। छात्र राजनीति से सार्वजनिक जीवन की यात्रा तय करने वाले धामी आज राज्य के युवा नेतृत्व का प्रमुख चेहरा बन चुके हैं। रोजगार, निवेश, आधारभूत संरचना और सुशासन से जुड़े उनके कई निर्णय राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय रहे हैं। संवाद के मंच से वह उत्तराखंड के विकास रोडमैप, सरकार की प्राथमिकताओं और भविष्य की योजनाओं पर अपने विचार साझा करेंगे। आइए मुख्यमंत्री पुष्कर धामी के बारे में जानते हैं-
सीएम धामी का पिथौरागढ़ में हुआ जन्म
पुष्कर सिंह धामी का जन्म 16 सितंबर 1975 को उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में हुआ। उस वक्त देश में आपातकाल घोषित था। तमाम तरह के प्रतिबंध लगे हुए थे। धामी के पिता शेर सिंह सेना में सूबेदार थे। पिथौरागढ़ में ही धामी ने पांचवीं तक पढ़ाई की। इसके बाद पूरा परिवार खटीमा शिफ्ट हो गया। 12वीं के बाद धामी लखनऊ यूनिवर्सिटी आ गए। यहां से उन्होंने मानव संसाधन प्रबंधन एवं औद्योगिक संबंध में स्नातक और एलएलबी की पढ़ाई की।
धामी ने 1990 में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के साथ अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत की। इसके बाद वह दो बार भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रहे। इस दौरान धामी ने स्थानीय युवाओं के लिए उद्योगों में नौकरियों के आरक्षण के लिए आंदोलन किया। इसका नतीजा रहा कि तत्कालीन प्रदेश सरकार ने प्रदेश के उद्योगों में 70% नौकरी स्थानीय युवाओं के लिए आरक्षित कर दी।
2001 में जब भगत सिंह कोश्यारी 122 दिन के लिए मुख्यमंत्री थे, तब धामी उनके विशेष कार्यधिकारी यानी ओएसडी थे। इसके बाद 2002 से 2008 तक धामी उत्तराखंड भारतीय जनता युवा मोर्चा के अध्यक्ष रहे। 2012 में पहली बार और फिर 2017 में दूसरी बार धामी विधायक चुने गए। जुलाई 2021 में धामी ने पहली बार मुख्यमंत्री का पदभार संभाला। तब उनकी उम्र 45 साल थी। धामी के नाम उत्तराखंड का सबसे कम उम्र का मुख्यमंत्री बनने का रिकॉर्ड है। 2022 में उपचुनाव में ऐतिहासिक जीत हासिल की थी।