उत्तराखंड: किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से होगा बचाव, पांच जिलों में शत प्रतिशत एचपीवी का टीकाकरण
एचपीवी टीकाकरण अभियान के तहत प्रदेश के पांच जिलों ने निर्धारित संशोधित लक्ष्य से अधिक उपलब्धि हासिल की है। इनमें पिथौरागढ़ 101.80 प्रतिशत उपलब्धि के साथ पहले स्थान पर है।
विस्तार
किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव करने के लिए एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण में पांच जिलों ने शत प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया है। प्रदेश में 84707 किशोरियों को टीका लग चुका है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 28 फरवरी 2026 को देशव्यापी एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया था। अभियान में 14 से ऊपर और 15 वर्ष से कम आयु की किशोरियों को सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर निशुल्क एचपीवी टीका लगाया जा रहा है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में निर्धारित 95 हजार लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 84707 किशोरियों का टीकाकरण किया जा चुका है। यह कुल लक्ष्य का 89.17 प्रतिशत है।
एचपीवी टीकाकरण अभियान के तहत प्रदेश के पांच जिलों ने निर्धारित संशोधित लक्ष्य से अधिक उपलब्धि हासिल की है। इनमें पिथौरागढ़ 101.80 प्रतिशत उपलब्धि के साथ पहले स्थान पर है। चमोली ने 101.39 प्रतिशत, ऊधम सिंह नगर ने 100.75 प्रतिशत, चंपावत ने 100.62 प्रतिशत और उत्तरकाशी ने 100.85 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की है।
स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि उत्तराखंड में एचपीवी टीकाकरण अभियान को प्रभावी बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग लगातार प्रयास कर रहा है। प्रदेश में 89.17 प्रतिशत उपलब्धि और पांच जनपदों का निर्धारित लक्ष्य से आगे निकलना उत्साहजनक है। प्रत्येक पात्र किशोरी तक टीकाकरण की सुविधा उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है।
हरिद्वार: जमानती-बॉन्ड की प्रक्रिया पूरी न होने से उर्मिला की रिहाई अटकी, बी वारंट की तैयारी की चर्चाएं भी तेज
सर्वाइकल कैंसर से बचाव में अहम है एचपीवी वैक्सीन
एचपीवी संक्रमण सर्वाइकल कैंसर के प्रमुख कारणों में से एक है। एचपीवी वैक्सीन कैंसर उत्पन्न करने वाले प्रमुख वायरस प्रकारों, विशेष रूप से एचपीवी-16 और एचपीवी-18, से बचाव में मदद करती है। निर्धारित आयु में टीकाकरण कराने से भविष्य में एचपीवी संक्रमण और इससे संबंधित सर्वाइकल कैंसर का जोखिम कम करने में महत्वपूर्ण सहायता मिलती है।
किशोरियों का स्वस्थ भविष्य सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता : धामी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश सरकार किशोरियों के स्वास्थ्य की सुरक्षा और उन्हें गंभीर बीमारियों से बचाने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में संचालित इस अभियान को उत्तराखंड में प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जा रहा है। प्रदेश के पांच जनपदों का निर्धारित लक्ष्य पार करना स्वास्थ्य विभाग के समर्पित प्रयासों का परिणाम है। मुख्यमंत्री ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी पात्र बेटियों का निशुल्क टीकाकरण अवश्य कराएं।