राहुल को 'राहुल मियां' कहना इत्तेफाक नहीं: नवीन संकेत, चुनाव में हिंदुत्व के मुद्दे को आगे लेकर चलेगी भाजपा
भारतीय जनता पार्टी ने उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव की दिशा तय करते हुए विचार से विकास तक के संकल्प के साथ फिर से सरकार बनाने का आह्वान किया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को राहुल मियां कहना कोई इत्तेफाक नहीं है। अगले विधानसभा चुनाव में उन्होंने राज्य के संगठन के सामने साफ कर दिया है कि भाजपा अगले चुनाव में भी हिंदुत्व के मुद्दे को ही आगे रखेगी।
आगामी विस चुनाव के मद्देनजर राष्ट्रीय अध्यक्ष का उत्तराखंड में यह दूसरा प्रवास है। बुधवार को हल्द्वानी में उनके भाषण को गहराई से समझें तो उन्होंने अपनी लाइन स्पष्ट कर दी। उन्होंने वंदेमातरम मामले पर नेता प्रतिपक्ष के लिए राहुल मियां नाम से संबोधन देकर काफी कुछ बयां कर दिया। ये भी साफ हो गया कि पार्टी अपने हिंदुत्व के मुद्दे पर कायम रहेगी। नितिन नवीन ने अपने भाषण में कांग्रेस के शुद्धीकरण मुद्दे पर कहा कि जिस पवित्र भूमि से आपने धर्म विशेष के नारे लगाए, उस पवित्र भूमि को अपमानित करने का काम किया है। उन्होंने धर्म विशेष के बहाने भी अपना रुख स्पष्ट किया।
कार्यक्रम में पहुंचने से पहले जब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नितिन नवीन को नीम करौरी बाबा की तस्वीर भेंट की तो संबोधन में उन्होंने इसका जिक्र भी प्रमुखता से किया। उन्होंने उनके जीवन पर आधारित हनुमान अंश फिल्म देखने की इच्छा जताई।
हल्द्वानी पहुंचे नितिन नवीन: कांग्रेस पर बरसे, कहा- दलितों का अपमान करने वाले कभी सम्मान नहीं कर सकते
धामी मॉडल पर राष्ट्रीय नेतृत्व की मुहर
यूसीसी (समान नागरिक संहिता), महिला क्षैतिज आरक्षण और शहीद आश्रितों के फैसलों की सराहना केवल प्रशासनिक पीठ थपथपाना नहीं है बल्कि यह संकेत है कि 2027 के चुनाव में पुष्कर सिंह धामी का चेहरा और उनके फैसले भाजपा के राष्ट्रीय एजेंडे का पोस्टर होंगे। भाषण में ये भी जिक्र किया कि यहां विस चुनाव में मिली जीत की ऊर्जा पूरे देश में भगवा कायम करने में अहम साबित होगी
भावनात्मक रूप से जोड़ने की भी कोशिश
नितिन नवीन ने मंच संभालते ही उत्तराखंड, छत्तीसगढ़ और झारखंड के गठन का जिक्र कर कांग्रेस को इतिहास के पन्नों पर कटघरे में खड़ा किया। उनका संदेश साफ था कि उत्तराखंड का अस्तित्व भाजपा के विजन की देन है। इसलिए इसके विकास की स्वाभाविक हकदार भी भाजपा ही है।
बाबा नीब करौरी पर बनी फिल्म देखने की जताई इच्छा
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन बाबा नीब करौरी पर बनी फिल्म देखने के इच्छुक हैं। उनका कहना है कि वह भी इस फिल्म को देखेंगे। इस बात का उल्लेख राष्ट्रीय अध्यक्ष ने भाजपा कार्यसमिति की बैठक में किया। उन्होंने माता नंदा-सुनंदा को भी प्रमाण किया। बोले इनके बगैर उत्तराखंड में कोई काम शुरू नहीं हो सकता है। टैक्स फ्री कर दिया है। अन्य राज्यों में भी जल्द हो सकती है। उन्होंने अपने भाषण में गंगा आरती का भी जिक्र किया। यहां की देवभूमि को ऊर्जा की भूमि बताया। जो कहीं न कहीं उनका इशारा साफ कर रहा है।
विचार से विकास तक: 2027 में फिर भाजपा सरकार बनाने का संकल्प
भाजपा नेतृत्व के अनुसार, देवभूमि केवल एक राज्य नहीं बल्कि राष्ट्रवाद, सांस्कृतिक चेतना और संगठन की वैचारिक प्रतिबद्धताओं को धरातल पर उतारने का सशक्त उदाहरण है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश ने कड़े और साहसिक फैसलों से देश के सामने नया मॉडल पेश किया है। समान नागरिक संहिता (यूसीसी), सख्त धर्मांतरण कानून, नकल माफिया के खिलाफ कठोर कार्रवाई और महिला सशक्तिकरण जैसे ऐतिहासिक फैसलों ने विकास भी, विरासत भी के विजन को साबित किया है। सीमांत क्षेत्रों के बुनियादी ढांचे से लेकर चारधाम और आदि कैलाश तक हो रहे कायाकल्प से प्रधानमंत्री के उत्तराखंड दशक के संकल्प को मजबूती मिल रही है। दूसरी ओर, भाजपा ने कांग्रेस पर विजनहीन होने और समाज में भ्रम फैलाने का आरोप लगाया है। भाजपा संगठन का स्पष्ट लक्ष्य सरकार के इस ऐतिहासिक रिपोर्ट कार्ड को हर घर तक पहुंचाना है।