Delhi: शराब घोटाले में कोर्ट से 'क्लीन चिट' मिलने के बाद एक्शन मोड में केजरीवाल, जंतर मंतर पर AAP की जनसभा
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने जंतर-मंतर पर एक जनसभा की। इस दौरान केजरीवाल ने अपने खिलाफ चले कथित शराब घोटाले का जिक्र करते हुए कहा कि पिछले चार साल से उन्हें और दिल्ली के लोगों को परेशान किया गया। दिन-रात उन्हें चोर और भ्रष्टाचारी बताया गया। उन्होंने दावा किया कि अदालत ने साफ कहा है कि पूरा केस फर्जी था और कोई सबूत नहीं मिला।
विस्तार
शराब घोटाले में आरोप मुक्त होने के बाद का आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल एक्शन मोड में आ गए हैं। जंतर-मंतर पर आम आदमी पार्टी की जनसभा में अरविंद केजरीवाल ने संबोधन किया। इस दौरान पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के निशाने पर केंद्र की भाजपा सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रहे। केजरीवाल ने कहा कि 4 अप्रैल 2011 को इसी जंतर-मंतर से देश में भ्रष्टाचार के खिलाफ हुंकार भरी गई थी और उसके बाद कांग्रेस का सफाया हुआ। अब इसी स्थान से भाजपा को सत्ता से बेदखल करने के अभियान की शुरुआत हो रही है और आज से भाजपा की उल्टी गिनती शुरू हो गई है।
केजरीवाल ने कहा कि वर्ष 2014 में लोगों ने बड़ी उम्मीदों के साथ नरेंद्र मोदी को पूर्ण बहुमत दिया, लेकिन 12 साल बाद भी आम आदमी की जिंदगी में कोई बुनियादी बदलाव नहीं आया। उन्होंने आरोप लगाया कि न अच्छी सड़कें हैं, न पीने का पानी, न सीवर और न ही 24 घंटे बिजली। प्रदूषण चरम पर है और एयरलाइन, रेलवे, बैंक, स्कूल और अस्पताल जैसे हर सेक्टर की हालत खराब है। केजरीवाल ने दुबई, अमेरिका, टोक्यो, जर्मनी और फ्रांस की सड़कों का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां गाड़ियां 130 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ती हैं, जबकि गुजरात के राजकोट से जूनागढ़ की 104 किमी दूरी तय करने में चार घंटे लगते है। प्रदूषण के मुद्दे पर उन्होंने बीजिंग का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां प्रदूषण कम हुआ, लेकिन उत्तर भारत में सांस लेना मुश्किल है।
केजरीवाल ने अपने खिलाफ चले कथित शराब घोटाले का जिक्र करते हुए कहा कि पिछले चार साल से उन्हें और दिल्ली के लोगों को परेशान किया गया। दिन-रात उन्हें चोर और भ्रष्टाचारी बताया गया। उन्होंने दावा किया कि अदालत ने साफ कहा है कि पूरा केस फर्जी था और कोई सबूत नहीं मिला। सदियों में ऐसा फैसला आया है। उन्होंने यह भी कहा कि 10 साल में उनके खिलाफ एक रुपये का भ्रष्टाचार साबित नहीं हुआ, जबकि हजारों फाइलों पर उन्होंने हस्ताक्षर किए।
दिल्ली में भाजपा सरकार वादाखिलाफ
दिल्ली की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए केजरीवाल ने कहा कि एक साल में हालात बदतर हो गए हैं। उन्होंने दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता के बस मार्शलों को नियमित करने के वादे का जिक्र करते हुए कहा कि एक भी मार्शल नियमित नहीं हुआ। भाजपा सरकार ने 10 हजार बस मार्शल, हजारों डीटीसी चालक-कंडक्टर, मोहल्ला क्लीनिक और अस्पतालों के कर्मचारियों को निकाल दिया। महिलाओं को 2500 रुपये देने का वादा भी पूरा नहीं हुआ। केजरीवाल ने दावा किया कि आप सरकार के दौरान दिल्ली में 24 घंटे बिजली, बेहतर स्कूल और अस्पताल थे, लेकिन अब सड़कों पर गड्ढे, गंदगी और पानी की समस्या बढ़ गई है। उन्होंने चुनौती दी कि यदि आज चुनाव हो जाएं तो भाजपा 10 सीटें भी नहीं जीत पाएगी।
जनसभा को संबोधित करते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा, 'देश में इस समय डर का माहौल है और उसके बावजूद जज साहब ने देश के हक़ में धाकड़ फैसला सुनाया, उसके लिए मैं जज साहब का शुक्रिया अदा करता हूं। जज साहब ने मोदी जी और भाजपा के झूठ पर तमाचा मारते हुए कहा है कि अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी बेईमान नहीं बल्कि कट्टर ईमानदार हैं। देश की जनता कांग्रेस से परेशान हो गई थी और लोगों ने बड़ी उम्मीदों से मोदी जी की सरकार बनाई थी। लेकिन कुछ नहीं सुधरा बल्कि और भी ज्यादा बर्बाद कर दिया है। पूरे देश में पेपर लीक हो रहे हैं और ये परीक्षा पर चर्चा की नौटंकी कर रहे हैं।
10 साल में एक पैसा भी करप्शन का नहीं मिला: केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल ने कहा, 'आईआईटी में मेरे बहुत अच्छे नंबर आए थे। मैं पढ़ाई में अच्छा था। अगर मैं चाहता तो अमेरिका जाकर पढ़ सकता था। मेरे कई दोस्त अमेरिका गए। लेकिन उस समय मेरे मन में एक ख्याल आया: हमारे देश की हालत बहुत खराब है। अगर हम सब पढ़े-लिखे लोग, आईआईटी और बड़े इंस्टीट्यूशन में पढ़कर अमेरिका चले गए, तो हमारे देश का ख्याल कौन रखेगा? हमारे देश को कौन ठीक करेगा? मैं अमेरिका नहीं गया। मैं इंडिया में ही रहा, मुझे नहीं पता कि प्राइम मिनिस्टर मोदी मुझसे क्यों नफरत करते हैं। प्राइम मिनिस्टर मोदी ने मेरे खिलाफ अनगिनत इंक्वायरी करवाईं। 10 साल में एक पैसा भी करप्शन का नहीं मिला। अगर दिल्ली सरकार का कोई कॉन्ट्रैक्टर, कोई वेंडर खड़ा होकर कहे कि केजरीवाल ने पैसे मांगे, तो मैं पॉलिटिक्स छोड़ दूंगा।'
केजरीवाल ने कहा, 'गुजरात में भाजपा की 30 साल से सरकार है लेकिन वहां का बहुत बुरा हाल है। पूरी दुनिया चांद पर पहुंच गई है लेकिन इनसे सड़कें नहीं बन पा रही हैं। इनसे देश के शहरों की सफाई नहीं हो पा रही, हवा जहरीली हो चुकी है। मोदी जी, विकसित भारत बाद में बना देना, पहले रहने लायक तो बना दीजिए।'
वहीं, दिल्ली विधानसभा में विपक्ष की नेता आतिशी ने कहा, 'हम सबने देखा है कि किस तरह से भाजपा ने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी के खिलाफ षड्यंत्र किया। किस तरह झूठे आरोप लगाए गए। बिना किसी सबूत को जेल में डाला गया। आज दिल्ली वाले भी इस अत्याचार के भुक्तभोगी हैं। 10,000 बस मार्शलों को नौकरी से निकाला गया। आज अरविंद केजरीवाल सब लोगों को संबोधित करेंगे कि अब समय आ गया है मोदी जी की तानाशाही और अमित शाह की तानाशाही के खिलाफ आवाज उठाने का।'