Delhi Election: केजरीवाल को टक्कर देंगे दो पूर्व CM के बेटे, इनकी एंट्री से रोचक हुआ मुकाबला; कौन भेदेगा किला?
New Delhi Assembly Constituency: दिल्ली विधानसभा चुनाव में एक बार फिर नई दिल्ली सीट सबसे हॉट सीट बन गई है। आम आदमी पार्टी ने अपनी चौथी लिस्ट जारी करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को इस सीट से एक बार फिर उम्मीदवार बनाया है।
विस्तार
दिल्ली में विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज हैं। आम आदमी पार्टी ने सभी सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है तो वहीं कांग्रेस ने भी कुछ उम्मीदवारों को चुनावी मैदान में उतारा है। इसी बीच भाजपा ने अभी प्रत्याशियों की घोषणा नहीं की है। लेकिन इस बीच नई दिल्ली विधानसभा सीट सबसे ज्यादा चर्चा में हैं। क्योंकि कहा जा रहा है कि पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के प्रत्याशी घोषित होने के बाद भाजपा के पूर्व सांसद प्रवेश साहिब सिंह इस इलाके में और अधिक सक्रिय हो गए हैं। कांग्रेस संदीप दीक्षित को पहले ही चुनावी मैदान में उतार चुकी है।
नई दिल्ली सीट पर एक्टिव हुए प्रवेश वर्मा
नई दिल्ली विधानसभा सीट से पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के प्रत्याशी घोषित होने के बाद इस क्षेत्र से दावेदारी ठोक रहे भाजपा के पूर्व सांसद प्रवेश साहिब सिंह और अधिक सक्रिय हो गए है। उन्होंने एक शिकायत पेटी अभियान चलाया है। इसमें लोगों की समस्याएं जानने के साथ कामकाज के बारे में रायशुमारी ली जा रही है।
नई दिल्ली सीट का मुकाबला रोचक होने की उम्मीद
नई दिल्ली विधानसभा सीट पर आम आदमी पार्टी की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, कांग्रेस की ओर से दिल्ली की पूर्व सीएम रहीं शीला दीक्षित के बेटे संदीप दीक्षित को यहां से चुनावी मैदान में उतारा है। वहीं अभी भाजपा की ओर से इस सीट के लिए प्रत्याशी के नाम की घोषणा होनी है। लेकिन चर्चा में पूर्व सीएम डॉ. साहिब सिंह के बेटे प्रवेश साहिब सिंह हैं। ऐसे में अगर भाजपा इनके नाम का एलान करती है तो यहां मुकाबला और भी ज्यादा रोचक हो जाएगा।
पूर्व मुख्यमंत्री के बेटे हैं प्रवेश साहिब सिंह
प्रवेश साहिब सिंह ने बताया कि उनके पिता डॉ. साहिब सिंह ने दिल्ली को संवारा था, लेकिन कांग्रेस और आम आदमी पार्टी सरकार ने दिल्ली को बर्बाद कर दिया। कोरोना में अरविंद केजरीवाल ने लोगों को बचाने की जगह शराब के घोटाले की नीति बना रहे थे। उस दौरान भी भाजपा ने दिल्ली को बचाया था। यह बातें उन्होंने नई दिल्ली विधानसभा में कार्यकर्ता स्नेह मिलन समारोह का आयोजन के दौरान कहीं।
प्रवेश साहिब सिंह ने कहा कि दिल्ली में पिछले 10 वर्षों से अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी की सरकार के कुशासन की पोल खोली। जनता अब एकजुट होकर भ्रष्टाचारी अरविंद केजरीवाल की सरकार को सत्ता से बेदखल कर दिल्ली को विकास के पथ पर अग्रसर करने के लिए कमर कस चुकी है और एक स्वर में बोल रही है अब नहीं सहेंगे, बदलकर रहेंगे भ्रष्टाचारी आप सरकार को। इस कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, नई दिल्ली लोकसभा सांसद बांसुरी स्वराज, एनडीएमसी उपाध्यक्ष कुलजीत चहल, जिला अध्यक्ष राजीव राणा व तीनों मंडल अध्यक्ष मौजूद रहे।
कांग्रेस ने संदीप दीक्षित को इस सीट से उतारा
सांसद व दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री साहिब सिंह वर्मा के पुत्र प्रवेश वर्मा की नई दिल्ली विधान सीट से दावेदारी ने हलचल बढ़ा दी है। यहां सियासी मुकाबला दिलचस्प होने की उम्मीद है। कांग्रेस ने दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के पुत्र संदीप दीक्षित को इस सीट से उम्मीदवार बनाया है। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी माना है कि वह खुद चौथी बार इसी सीट से चुनाव लड़ेंगे। अगर ऐसी सियासी सूरत बनती है तो एक पूर्व मुख्यमंत्री का मुकाबला दो दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्रियों के बेटों से होगा।
दरअसल, लगातार तीन बार इस सीट का प्रतिनिधित्व करने वाली दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित को 2013 विधान सभा चुनाव में शिकस्त देकर अरविंद केजरीवाल दिल्ली की सत्ता पर काबिज हुए। लगातार तीन बार चुनाव इस विधान सभा का प्रतिनिधित्व किया। इस वक्त भी यह सीट केजरीवाल के पास है। केजरीवाल ने स्वीकार किया है कि उनकी और मुख्यमंत्री आतिशी की सीट में कोई बदल नहीं होगा।
पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल ने भी माना वह चौथी बार लडेंगे चुनाव
अरविंद केजरीवाल अब अगर चौथी बार इसी सीट से चुनावी मैदान में उतरते हैं तो मुकाबला दिलचस्प होगा। कांग्रेस ने इस सीट से दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के बेटे संदीप दीक्षित को मैदान में उतार दिया है। वहीं, भाजपा से दिल्ली के दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री साहिब सिंह वर्मा के पुत्र व पूर्व सांसद प्रवेश वर्मा की मजबूत दावेदारी है। प्रवेश वर्मा ने स्वीकार भी किया कि आगामी दिल्ली विधानसभा चुनाव में नई दिल्ली निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। पार्टी मौका देगी तो वह चुनावी मैदान में उतरने को तैयार हैं।
भाजपा के पूर्व सांसद प्रवेश वर्मा इस सीट से ठोक रहे दावेदारी
इस सीट पर पिछले तीन कार्यकाल से आम आदमी पार्टी (आप) के मुखिया अरविंद केजरीवाल का कब्जा है। बकौल वर्मा, उनकी इस सीट से चुनाव लड़ने की तैयारी है। सभी कार्यकर्ताओं का समर्थन है। निश्चित रूप से जीत हासिल करेंगे। जनता केजरीवाल को करारा जवाब देने के लिए दृढ़ संकल्पित है। भाजपा नेता ने यह भी अनुमान लगाया कि कांग्रेस और आप निकट भविष्य में गठबंधन के तहत चुनाव लड़ सकते हैं। दोनों पार्टियां भरोसे लायक नहीं है। वह किसी समय गठबंधन की घोषणा कर सकते हैं। इससे भाजपा की दावेदारी और भी मजबूत होगी।
इससे पहले बृहस्पतिवार कांग्रेस ने विधानसभा चुनावों के लिए 21 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी की, उसमें नई दिल्ली विधानसभा सीट के लिए संदीप दीक्षित को मैदान में उतारा गया। संदीप दीक्षित ने आम आदमी पार्टी की आलोचना करते कहा कि अत्यधिक भ्रष्ट पार्टी है। दीक्षित ने दिल्ली सरकार की घोषित 'महिला सम्मान योजना' की तीखी आलोचना की है। उनका दावा है कि यह चुनावी हथकंडा से ज्यादा कुछ नहीं है। सवाल किया कि आम आदमी पार्टी ने इसे पहले क्यों नहीं लागू किया। पंजाब में भी यही वादा किया गया हारने के डर से उन्होंने 'महिला सम्मान योजना' की घोषणा की है।
भाजपा ने अधिकारिक तौर पर प्रत्याशी की घोषणा नहीं की
प्रत्याशियों की सूची फिलहाल भाजपा ने जारी नहीं की है। अभी प्रत्याशियों के नाम पर सर्वे और मंथन की प्रक्रिया चल रही है। भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि केंद्रीय नेतृत्व लोकसभा की कार्यवाही में व्यस्त है। इसके बाद ही प्रत्याशियों की सूची जारी होगी। प्रवेश वर्मा के नई दिल्ली विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने के दावे से इस क्षेत्र में काम करने वाले नेताओं को काफी निराशा हासिल हुई है। इस सीट से पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता, ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष सुनील यादव और आम आदमी पार्टी से भाजपा में शामिल हुए विनोद बिन्नी दावेदारी ठोक रहे थे। भाजपा सूत्रों का कहना है कि प्रवेश वर्मा को अपने संसदीय क्षेत्र के किसी एक विधानसभा को चुनाव लड़ने के लिए दावा करना चाहिए।