शादीशुदा कातिल आशिक: विधवा प्रेमिका संग पी शराब, महिला की इस बात से था परेशान; सिर पर ईंट मारकर ले ली जान
फरीदाबाद के बल्लभगढ़ सब्जी मंडी में महिला के शव के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। क्राइम ब्रांच की टीम ने आरोपी बीरू को गिरफ्तार कर लिया, जिसने लगातार ब्लैकमेल करने के कारण महिला की ईंट से पीट-पीटकर हत्या कर दी थी।
विस्तार
सब्जी मंडी में 22 अप्रैल को मिले महिला के शव के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार महिला की ओर से लगातार ब्लैकमेल किए जाने से परेशान होकर युवक ने उसकी हत्या कर दी थी। क्राइम ब्रांच की टीम ने मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
क्राइम ब्रांच के एसीपी वरुण दहिया ने बताया कि 22 अप्रैल को बल्लभगढ़ की सब्जी मंडी में करीब 44-45 वर्षीय महिला का शव मिला था। स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया कि महिला की मौत अंदरूनी चोट लगने के कारण हुई है।
पश्चिम बंगाल की रहने वाली थी महिला
जांच के दौरान पता चला कि महिला मूल रूप से पश्चिम बंगाल की रहने वाली थी और पिछले करीब 25 वर्षों से फरीदाबाद में रह रही थी। वर्ष 2000 में उसने बुलंदशहर निवासी व्यक्ति से कोर्ट मैरिज की थी। लेकिन करीब 14-15 साल बाद वह उससे अलग हो गई। इसके बाद वह सनी नाम के युवक के संपर्क में आ गई और उसके साथ रहने लगी। सनी की मौत के बाद वह उसके भाई राकेश के संपर्क में आई और कुछ समय बाद राकेश की भी बीमारी के कारण मौत हो गई।
तीन की मौत के बाद बीरू के संपर्क में आई महिला
इसके बाद महिला का संपर्क राकेश और सनी के भाई बीरू से हो गया। पुलिस के अनुसार बीरू कुछ समय पहले एनडीपीएस एक्ट के मामले में जेल से छूटकर आया था और मुजेसर में रहकर एक निजी कंपनी में काम करता था। जांच में सामने आया कि महिला और बीरू के बीच संबंध बन गए थे। इसी दौरान महिला बीरू को संबंधों का हवाला देकर ब्लैकमेल करने लगी और उससे बार-बार पैसे मांगने लगी। कई बार आरोपी ने उसे पैसे भी दिए लेकिन लगातार ब्लैकमेल से वह परेशान हो गया था।
दोनों ने एक साथ बैठ कर पी शराब
21-22 अप्रैल की रात को दोनों बल्लभगढ़ की सब्जी मंडी के पास मिले। वहां दोनों ने शराब पी और नशा होने के बाद उसने महिला के साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए। जिसको लेकर झगड़ा हो गया और महिला आरोपी को धमकी देने लगी कि पुलिस में फंसवा दूंगी। उस डर से आरोपी बीरू ने वहीं पास में पड़ी ईंट को उठाकर महिला के सिर, छाती व पेट व अन्य जगहों पर ईंट से कई वार किए, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। आरोपी की पत्नी 4 साल पहले ही उसको छोड़ कर जा चुकी है। आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस आरोपी को पुलिस रिमांड पर लेगी।
