सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Delhi ›   Delhi NCR News ›   Fire breaks out at KD Campus owner's house, one injured, five rescued

Delhi NCR News: केडी कैंपस की मालकिन के घर पर लगी आग, एक झुलसा, पांच को सकुशल बचाया

Amar Ujala Bureau अमर उजाला ब्यूरो
Updated Mon, 30 Mar 2026 09:26 PM IST
विज्ञापन
विज्ञापन
-उत्तर-पश्चिम दिल्ली के मुखर्जी नगर स्थित तीन मंजिला इमारत में रविवार रात लगी अचानक आग
Trending Videos

-केडी कैंपस की मालकिन नीतू सिंह और उनका परिवार तीसरी मंजिल पर फंसा
-दमकल कर्मियों ने पुलिस की मदद से सीढ़ी के सहारे सभी को सुरक्षित निकाला
-हादसे में काम करने वाला युवक झुलसा, उसको नजदीकी अस्पताल में कराया भर्ती
-शुरुआती जांच के बाद शार्ट सर्किट से आग लगने की आशंका, पुलिस कर रही मामले की छानबीन
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
देश के बड़े कोचिंग हब मुखर्जी नगर में रविवार को एसएससी की कोचिंग चलाने वाली केडी कैंपस की मालकिन नीतू सिंह के तीन मंजिला मकान में आग लग गई। आग लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे के समय इमारत में नीतू सिंह के परिवार के अलावा एक उनका स्टाफ मौजूद था। पहली मंजिल पर आग लगते ही सभी जान बचाने के लिए तीसरी मंजिल (टॉप फ्लोर) पर पहुंच गए। इस बीच देखते ही देखते आग पहली मंजिल से ऊपरी मंजिलों की ओर बढ़ने लगी। खबर मिलते ही पुलिस के अलावा दमकल की 6 गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। खुद ही आग बुझाने के चक्कर में नीतू सिंह के यहां काम करने वाला युवक झुलस गया।
बचाव दल ने सीढ़ी लगाकर पांच लोगों को सुरक्षित निकाल लिया। वहीं आग से झुलसे पवन कुमार (32) को रस्सी से बांधकर सीढ़ी से किसी तरह नीचे उतारा गया। पवन 30 फीसदी झुलस गया। उसे नजदीकी बाबू जगजीवन राम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से बाद में उसे एलएनजेपी अस्पताल रेफर कर दिया गया। दमकल विभाग के डिप्टी फायर चीफ एके मलिक ने बताया कि उनकी टीम ने नीतू सिंह (50), उनके बेटे हर्षित (17), नीतू की मां रानू देवी (85), बहन मीना शुक्ला (65) और मीना के बेटे रोहित शुक्ला (30) को निकाला। इनको मामूली खरोंचे आई। सभी को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां सभी को छुट्टी दे दी गई।
विज्ञापन
विज्ञापन

शुरुआती जांच के बाद आशंका व्यक्त की जा रही है कि पहली मंजिल पर शार्ट सर्किट से आग लगी। आग से घरेलू सामान, फर्नीचर, कागजात व अन्य सामान जलकर खाक हो गए। मुखर्जी नगर थाना पुलिस मामला दर्ज कर आग की वजहों का पता लगा रही है। क्राइम टीम व एफएसएल ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।
बत्रा सिनेमा के पीछे बना है केडी कैंपस : नीतू सिंह परिवार के साथ मुखर्जी नगर इलाके मेंं बत्रा सिनेमा के पीछे केडी कैंपस के पास अपने तीन मंजिला मकान में रहती हैं। इनके मकान में ग्राउंड फ्लोर पर पार्किंग बनी है जबकि ऊपरी तीनों मंजिलों पर इनका परिवार अलग-अलग फ्लोर पर रहता है। इनका केडी कैंपस के नाम से एसएससी का बड़ा कोचिंग सेंटर है। रविवार रात करीब 9.43 बजे पुलिस व दमकल विभाग को सूचना मिली कि मकान नंबर-2961, मुखर्जी नगर में आग लग गई है। इमारत की टॉप फ्लोर पर कुछ लोग फंस गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस के अलावा दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग इमारत के पिछले हिस्से में लगी थी। धीरे-धीरे आग ऊपरी मंजिल की ओर बढ़ रही थीं। मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुटी थी। सीढि़यों के रास्ते इमारत में ऊपर जाने व आने का रास्ता पूरी तरह बंद हो चुका था। दमकल कर्मियों की एक टीम आग पर काबू पाने में जुटी जबकि दूसरी टीम ने ऊपरी मंजिल पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। आग लगने पर सभी लोग तीसरी मंजिल पर एक ही जगह इकट्ठा हो गए थे।
दमकल कर्मियों ने सामने की ओर सीढ़ी लगाकर ऊपर फंसे हुए लोगों को निकालना शुरू किया। करीब 10.35 बजे सभी को सुरक्षित निकाल लिया गया। हादसे में नीतू के यहां काम करने वाला पवन नामक युवक आग बुझाने के चक्कर में झुलस गया। बताया जा रहा है कि पवन पहली मजिल पर ही था। झुलसने पर वह जान बचाने को ऊपर चला गया। सभी को सुरक्षित निकालने के बाद करीब 11.10 बजे आग पर काबू पा लिया गया। इस बीच कूलिंग का काम जारी रहा। देर रात करीब 1.55 बजे दमकल की गाड़ियों ने घटना स्थल से वापसी की। बाद में मुखर्जी नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की। अब पुलिस आग की वजहों का पता लगा रही है।
हादसे के समय ऑनलाइन क्लास ले रही थीं नीतू सिंह : परिवार के एक करीबी ने बताया कि नीतू सिंह परिवार के साथ इमारत में रहती हैं। इनका बेटा हर्षित 12वीं कक्षा में पढ़ता है। नीतू खुद कोचिंग सेंटर चलाती हैं। इनकी बहन मीना शुक्ला व बेटा रोहित कोचिंग में एडमिन का काम देखता है। रविवार को जिस समय आग लगी तो उस समय नीतू ऑनलाइन कोचिंग की क्लास ले रही थीं। आग लगते ही उन्होंने शोर मचाकर पड़ोसियों को बुलाया। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान स्थानीय लोगों ने भी मदद की।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article