सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Delhi ›   Delhi NCR News ›   fire in the Tughlakabad building was not an accident but a well-planned conspiracy

तुगलकाबाद अग्निकांड में बड़ा खुलासा: पेट्रोल और माचिस देकर लगवाई थी आग, CCTV से खुला राज; चार आरोपी दबोचे

अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली Published by: Vijay Singh Pundir Updated Sun, 14 Jun 2026 09:41 AM IST
विज्ञापन
सार

तुगलकाबाद एक्सटेंशन अग्निकांड की जांच में पुलिस ने दावा किया है कि यह हादसा नहीं बल्कि सुनियोजित आगजनी का मामला है। जांच में एक 17 वर्षीय नाबालिग लड़की समेत चार लोगों की भूमिका सामने आई है। पुलिस के अनुसार, दीपक नामक व्यक्ति की स्कूटी में आग लगाने की साजिश रची गई थी, लेकिन आग पूरी इमारत में फैल गई, जिससे तीन लोगों की मौत हो गई।

fire in the Tughlakabad building was not an accident but a well-planned conspiracy
तुगलकाबाद अग्निकांड - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार

दिल्ली के तुगलकाबाद एक्सटेंशन में गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात हुए भीषण अग्निकांड की जांच में सनसनीखेज खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया है कि यह हादसा नहीं बल्कि सुनियोजित साजिश के तहत लगाई गई आग थी। आरोपियों ने एक व्यक्ति की स्कूटी को जलाने के इरादे से पेट्रोल छिड़ककर आग लगाई थी, लेकिन आग ने पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे तीन लोगों की मौत हो गई।

सीसीटीवी फुटेज से खुला राज
जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज मिली। फुटेज में एक लड़की आग लगने से कुछ समय पहले इमारत में प्रवेश करती और थोड़ी देर बाद बाहर निकलती दिखाई दी। इसके बाद आग लगने की घटना सामने आई। इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाया।

विज्ञापन
विज्ञापन

17 वर्षीय किशोरी ने लगाई थी आग
पुलिस जांच में 17 वर्षीय एक नाबालिग लड़की को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि गोविंदपुरी के गिरिनगर निवासी 27 वर्षीय सरिता ने उसे पेट्रोल और माचिस उपलब्ध कराई थी। सरिता ने उसे इमारत की पांचवीं मंजिल पर रहने वाले दीपक की स्कूटी में आग लगाने के लिए कहा था। बताया गया कि दीपक और आरोपियों के बीच पैसों को लेकर विवाद चल रहा था।
विज्ञापन

बदला लेने के लिए रची गई थी साजिश
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में सरिता ने बताया कि पूरी साजिश गोविंदपुरी के नवजीवन कैंप निवासी 33 वर्षीय निरंजन और उसके 27 वर्षीय भाई राजकुमार ने रची थी। दोनों दीपक से जुड़े एक व्यक्तिगत विवाद का बदला लेना चाहते थे। इसी वजह से उन्होंने सरिता के माध्यम से नाबालिग लड़की को आग लगाने के लिए तैयार किया। पुलिस ने नाबालिग लड़की समेत सरिता, निरंजन और राजकुमार को पकड़ लिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

पुलिस ने एफआईआर में जोड़ी नई धाराएं
दिल्ली पुलिस ने इस मामले में सामने आई नई जानकारियों के आधार पर एफआईआर में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की अतिरिक्त धाराएं भी लगाई हैं, जिनमें धारा 61 (आपराधिक साजिश), 105 (गैर-इरादतन हत्या), 110 (गैर-इरादतन हत्या की कोशिश), 326(जी) (आग से नुकसान पहुंचाना) और 331(4) (रात में छिपकर घर में घुसना) शामिल हैं।

अग्निकांड में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत
दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के गोविंदपुरी थाना क्षेत्र स्थित तुगलकाबाद एक्सटेंशन में बृहस्पतिवार देर रात एक पांच मंजिला आवासीय इमारत में लगी आग में एक ही परिवार के पंकज (28), उनकी नानी सुशीला देवी (70) और बहन सोनी (20) की मौत हो गई। हादसे में पंकज की बहन मोनी (18) और उनकी मां गुड्डी (50) देवी की धुएं की चपेट में आने से हालत गंभीर है।

हादसा गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी  रात करीब 2:25 बजे तुगलकाबाद एक्सटेंशन की गली नंबर-1 स्थित नया तारा अपार्टमेंट के पास हुआ। आग लगते ही इमारत में अफरा-तफरी मच गई। कुछ ही मिनटों में धुआं ऊपरी मंजिलों तक पहुंच गया और लोग फंस गए। अधिकारियों के अनुसार, आग पर रात 3:45 बजे तक नियंत्रण पा लिया गया था। करीब 4 बजे आग पूरी तरह बुझा दी गई।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed