कल बंद रहेंगे सभी स्कूल: यूपी के इन जिलों में डीएम ने की घोषणा, पीईटी परीक्षा के मद्देनजर लिया गया फैसला
School Closed in UP: 30 अक्तूबर को होने वाली प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) के मद्देनजर सभी विद्यालयों में शैक्षणिक अवकाश घोषित किया गया है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद और अलीगढ़ जिलों में 30 अक्तूबर को होने वाली प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) के मद्देनजर सभी विद्यालयों में शैक्षणिक अवकाश घोषित किया गया है। परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
गाजियाबाद में अवकाश की स्थिति
गाजियाबाद में पीईटी परीक्षा के चलते कक्षा 1 से लेकर 12वीं तक के सभी बोर्ड के स्कूल 30 अक्तूबर को पूरी तरह बंद रहेंगे। छात्रों और अभिभावकों को सूचित किया गया है कि इस दिन बच्चों को स्कूल जाने की आवश्यकता नहीं है। परीक्षा के सफल आयोजन के लिए यह निर्णय लिया गया है ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू रहे और परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
अलीगढ़ में परीक्षा की रूपरेखा और सुरक्षा व्यवस्था
अलीगढ़ में भी 30 अक्तूबर और 1 नवंबर को पीईटी परीक्षा आयोजित की जा रही है। परीक्षा की पवित्रता और शुचिता बनाए रखने के लिए अपर जिलाधिकारी नगर संगीता देवी की अध्यक्षता में 39 सेक्टर मजिस्ट्रेटों की बैठक हुई, जिसमें अधिकारियों को कड़े दिशा-निर्देश दिए गए।
प्रथम पाली सुबह 10:00 से दोपहर 12:00 बजे तक और द्वितीय पाली अपराह्न 3:00 से शाम 5:00 बजे तक। अलीगढ़ में प्रत्येक पाली के लिए 19,104 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं।
सख्त चेकिंग और बायोमीट्रिक सत्यापन
परीक्षार्थियों की सघन फ्रिस्किंग की जाएगी। उनका सामान क्लॉक रूम में जमा कराने के बाद ही प्रवेश मिलेगा और समय पर आने वाले छात्रों का बायोमीट्रिक सत्यापन होगा।
अतिरिक्त सावधानियां
परीक्षा केंद्रों के आसपास फोटोकॉपी की दुकानें बंद रहेंगी। केंद्रों के बाहर लाउडस्पीकर से उद्घोषणा कराई जाएगी ताकि परीक्षार्थी समय पर अंदर प्रवेश पा सकें। प्रशासन ने सभी सेक्टर मजिस्ट्रेटों को निर्देशित किया है कि वे पूरी मुस्तैदी के साथ व्यवस्थाओं का अनुपालन सुनिश्चित कराएं ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।