कौशांबी। दो दिन से हो रही बारिश से बुधवार को कौशांबी बस अड्डे में भी जलभराव हो गया। इससे यात्रियों को बसों तक पहुंचने के लिए भी बरसात के पानी से गुजरना पड़ा। वहीं, बरसात से डिपो की कैंटीन के पास जमा पानी में करंट उतरने की यात्रियों ने शिकायत की है। कई यात्रियों ने बताया कि पानी से गुजरते समय उन्हें बिजली के हल्के झटके महसूस हुए, इससे वहां दहशत का माहौल बन गया।
कौशांबी बस अड्डे पर मौजूद आलोक सिंह ने बताया कि जब वह पानी से रास्ता पार करते हुए निकले तो बिजली के झटके महसूस किए। वहीं, रोहित यादव ने बताया कि जब वह पानी घुसे तो करंट महसूस किया। करंट के साथ ही डिपो के प्लेटफॉर्म नंबर-2 की छत से पानी टपकता रहा। डिपो पर बस का इंतजार करने वाले यात्रियों के लिए कोई सुरक्षित जगह नहीं थी जहां वह बैठ सकें। डिपो पर जल भराव और छत से टपकता पानी इन सबके बीच लोग काफी परेशान रहे। बस अड्डे के बाहर बह रहा नाला ओवरफ्लो होने की वजह से डिपो में स्थित शौचालय और कैंटिन के बगल में जलभराव हो गया था। कौशांबी डिपो एआरएम अंशुल भटनागर ने बताया कि मंगलवार रात शॉर्ट सर्किट की घटना हुई थी, इसके बाद तत्काल मरम्मत कराई गई थी। हालांकि बारिश के दौरान फिर से करंट की शिकायत मिली तो जांच कराना शुरू कर दिया है।