गुरुग्राम। बाबा प्रकाश पुरी चौक पर ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक यूथ ऑर्गनाइजेशन (एआईडीवाईओ) के बैनर तले युवाओं की ओर से रविवार को विरोध प्रदर्शन किया गया। यह प्रदर्शन नीट पेपर लीक, प्रतियोगी परीक्षाओं में धांधली, बढ़ती बेरोजगारी और महंगाई के खिलाफ किया गया। इसमें युवाओं ने सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग की।
संगठन के प्रांतीय संयोजक बलवान सिंह व राजेश गोस्वामी ने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक और भर्ती घोटालों ने लाखों युवाओं के भविष्य को अंधकार मय बना दिया है। वर्षों तक कठिन परिश्रम करने वाले युवाओं को बार-बार परीक्षा रद्द होने और भ्रष्टाचार का सामना करना पड़ रहा है। संगठन के वरिष्ठ सदस्य इम्तियाज, उपाध्यक्ष वजीर सिंह, कृष्णपाल कश्यप ने केंद्र सरकार से मांग की है कि नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) को तुरंत भंग किया जाए, केंद्रीय शिक्षा मंत्री इस्तीफा दें। रोजगार के अधिकार को मौलिक अधिकार घोषित किया जाए, सभी सरकारी विभागों में खाली पड़े पदों पर तुरंत स्थायी भर्ती की जाए। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में युवाओं के मुद्दों को लेकर आंदोलन को और तेज किया जाएगा। संगठन को गांव-गांव और मोहल्लों तक पहुंचाकर अधिक से अधिक युवाओं को इस संघर्ष से जोड़ा जाएगा। प्रदर्शन में संगठन के राहुल, मुकीम, रामेश्वर प्रसाद, रामलाल विश्वकर्मा, सलीम आदि शामिल रहे। संवाद