LPG Booking Rules: अब सिर्फ इन लोगों को ही मिलेगा 5 KG का सिलिंडर, नौ दिन में होगी रिफिलिंग; ये दस्तावेज जरूरी
गैस संकट के बीच सिलिंडर की बुकिंग के बाद भी उपभोक्ताओं को लंबे इंतजार का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन ने बुकिंग के लिए 25 दिन का अंतराल तय किया है, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई है। बुकिंग कराने के बाद भी समय पर डिलीवरी नहीं हो रही, जिससे घरों में गैस की किल्लत बनी हुई है।
विस्तार
गुरुग्राम में गैस संकट लगातार गहराता जा रहा है, जिससे उद्योग जगत और श्रमिकों पर गंभीर असर पड़ रहा है। हालात को देखते हुए प्रशासन ने पांच किलो के छोटे गैस सिलिंडर की सुविधा की गई है। जिन्हें केवल श्रमिकों को ही उपलब्ध कराया जाएगा। इन सिलिंडरों की रिफिल बुकिंग नौ दिन के अंतराल पर होगी और एजेंसी से लेने के लिए आधार कार्ड दिखाना अनिवार्य किया गया है।
जमीनी स्तर पर स्थिति अब भी चुनौतीपूर्ण
प्रशासन का कहना है कि इस कदम से छोटे और मध्यम उद्योगों में कार्यरत श्रमिकों को राहत मिलेगी। हालांकि जमीनी स्तर पर स्थिति अब भी चुनौतीपूर्ण बनी हुई है। बिहार के रहने वाले सावन सिंह, जो सुखराली में रहकर एक निजी कंपनी में काम करते हैं ने बताया कि गैस एजेंसी ने उन्हें छोटा सिलिंडर देने से मना कर दिया। एजेंसी का कहना था कि केवल जरूरतमंदों को ही यह सुविधा दी जा रही है।
गैस संकट के कारण उद्योगों की उत्पादन लागत बढ़ गई है, जिससे कई इकाइयों को अपनी कार्य क्षमता घटानी पड़ रही है। खासकर छोटे और मध्यम उद्योग इस समस्या से सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं।
बुकिंग के बाद घर पर सिलिंडर का इंतजार
गैस संकट के बीच सिलिंडर की बुकिंग के बाद भी उपभोक्ताओं को लंबे इंतजार का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन ने बुकिंग के लिए 25 दिन का अंतराल तय किया है, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई है। बुकिंग कराने के बाद भी समय पर डिलीवरी नहीं हो रही, जिससे घरों में गैस की किल्लत बनी हुई है। खासकर मध्यम और निम्न वर्ग के परिवार इस स्थिति से सबसे अधिक प्रभावित नजर आ रहे हैं।
शिकायत नंबर जारी
प्रशासन ने इस समस्या के समाधान के लिए से शिकायत नंबर जारी किया गया है। डीएफएससी की सप्लाई ब्रांच के इंस्पेक्टर राकेश कुमार ने बताया कि प्रशासन के निर्देशानुसार कंट्रोल रूम नंबर 0124-2868930 पर उपभोक्ता सीधे शिकायत दर्ज कर सकते हैं।