Weather: गर्मी-उमस ने बढ़ाई चुभन, आज से मौसम फिर ले सकता है करवट; दिल्ली में भी बारिश कम कर सकती है तपिश
सोमवार से मौसम फिर करवट ले सकता है और बारिश हो सकती है। 11 जून से नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से उत्तर भारत में बारिश में और तेजी की संभावना जताई गई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सुहाने मौसम के चलते गर्मी से राहत की सांस ले रहे दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के लोगों के लिए रविवार गर्मी और उमस से भरा रहा। उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में कई जगह तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर दर्ज किया गया। सोमवार से मौसम फिर करवट ले सकता है और बारिश हो सकती है।
पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, तटीय आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र में अधिकतम तापमान 40 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया। दिल्ली में रविवार को पारा 41.6 डिग्री रहा। वहीं, विदर्भ का ब्रह्मपुरी 45.2 डिग्री के साथ देश का सबसे गर्म रहा। राजस्थान के श्रीगंगानगर में पारा 44.8, फलोदी में 44.4, जैसलमेर में 43.9, यूपी के बांदा में 43.2, हरियाणा के रोहतक में 43.6 व हिसार में 42.4 डिग्री दर्ज किया गया। हिमाचल प्रदेश में सबसे अधिक ऊना में 39.5 डिग्री तापमान रहा। बारिश की संभावना के बीच मौसम विभाग ने कुछ जगहों पर अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि का अनुमान भी जताया है।
पहाड़ों पर आंधी, बूंदाबांदी और ओले
जम्मू-कश्मीर के आसपास पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में कई जगह आंधी चली और हल्की बूंदाबांदी भी हुई। कुछ जगहों पर 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। कश्मीर के कुलगाम और शोपियां में कुछ जगहों पर तेज बारिश के साथ ओले भी गिरे। वहीं, केरल में कुछ स्थानों पर बहुत भारी वर्षा दर्ज की गई है। कर्नाटक, असम, बिहार में भी भारी वर्षा हुई।
उत्तर-पश्चिम में बारिश के आसार
- मानसून की गति में तेजी आई है...मानसून अरब सागर के पश्चिम मध्य हिस्सों, कर्नाटक, गोवा, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों, तमिलनाडु व दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के साथ मिजोरम-मणिपुर तक पहुंच गया हैै।
- पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में 8 से 12 जून के बीच बारिश संभव है।
- 11 जून से नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से उत्तर भारत में बारिश में और तेजी की संभावना जताई गई है।