सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Delhi ›   Delhi NCR News ›   High-Tech Labs to be Set Up Soon in 4 Delhi ITI

Delhi: दिल्ली के 4 आईटीआई में जल्द बनेंगी हाई-टेक लैब्स, युवाओं को उद्योगों जैसी ट्रेनिंग; सीएम ने की घोषणा

आदित्य पाण्डेय, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: अनुज कुमार Updated Thu, 16 Apr 2026 06:15 PM IST
विज्ञापन
सार

दिल्ली सरकार राजधानी के सरकारी आईटीआई संस्थानों को आधुनिक बनाने जा रही है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इसका एलान किया है। सीएम ने कहा कि चार बड़े आईटीआई में नई हाई-टेक लैब्स स्थापित की जाएंगी और पुरानी लैब्स को अपग्रेड किया जाएगा।

High-Tech Labs to be Set Up Soon in 4 Delhi ITI
सीएम रेखा गुप्ता - फोटो : X/@gupta_rekha
विज्ञापन

विस्तार

दिल्ली सरकार राजधानी के सरकारी आईटीआई संस्थानों को आधुनिक बनाने जा रही है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घोषणा की है कि दिल्ली के चार बड़े आईटीआई में नई हाई-टेक लैब्स बनाई जाएंगी और पुरानी लैब्स को अपग्रेड किया जाएगा। इससे युवाओं को उद्योगों की जरूरतों के मुताबिक ट्रेनिंग मिलेगी और नौकरी के अवसर बढ़ेंगे।

Trending Videos


दिल्ली सरकार ने तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास को नई दिशा देने की तैयारी शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री ने बृहस्पतिवार को घोषणा की कि राजधानी के चार प्रमुख औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में आधुनिक लैब्स स्थापित की जाएंगी। इन संस्थानों में नई मशीनें, डिजिटल सिस्टम, सिमुलेशन तकनीक और उद्योग आधारित ट्रेनिंग सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इस पहल का मकसद युवाओं को सिर्फ सर्टिफिकेट नहीं, बल्कि रोजगार के लिए जरूरी व्यावहारिक कौशल देना है। नई लैब्स शुरू होने के बाद प्रशिक्षुओं को वही तकनीक सीखने का मौका मिलेगा, जो आज उद्योगों और कंपनियों में इस्तेमाल हो रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन


जहांगीरपुरी आईटीआई में बनेगी पावर इलेक्ट्रॉनिक्स लैब
आईटीआई जहांगीरपुरी में पावर इलेक्ट्रॉनिक्स लैब स्थापित की जाएगी। यहां छात्रों को इलेक्ट्रिकल कंट्रोल सिस्टम, इंडस्ट्रियल ऑटोमेशन और रिन्यूएबल एनर्जी से जुड़ी ट्रेनिंग दी जाएगी। लैब में पीएलसी किट, मोटर कंट्रोल पैनल, ट्रांसफॉर्मर ट्रेनर, रिले सिस्टम, सोलर पीवी किट और स्मार्ट एनर्जी मॉनिटरिंग सिस्टम लगाए जाएंगे। इस लैब से इलेक्ट्रीशियन, इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक, सोलर टेक्नीशियन, फिटर, रेफ्रिजरेशन, एयर कंडीशनिंग और मोटर व्हीकल ट्रेड के छात्रों को फायदा मिलेगा। यहां करीब 480 प्रशिक्षुओं को ट्रेनिंग दी जा सकेगी।

हरि नगर आईटीआई में वेल्डर लैब का बड़ा अपग्रेड
आईटीआई जेल रोड (हरि नगर) में वेल्डर लैब को आधुनिक बनाया जाएगा। यहां एडवांस वेल्डिंग मशीनें, सिमुलेशन आधारित प्रशिक्षण और आधुनिक फैब्रिकेशन टूल्स लगाए जाएंगे। नई सुविधाओं में आर्क वेल्डिंग, एमआईजी, टीआईजी वेल्डिंग, गैस कटिंग, प्लाज्मा कटिंग, वेल्डिंग सिमुलेटर और मेटल फैब्रिकेशन वर्कस्टेशन शामिल होंगे। इससे छात्रों को सुरक्षित माहौल में आधुनिक वेल्डिंग तकनीक सीखने का मौका मिलेगा। इस लैब से वेल्डर, फिटर, टर्नर, मोटर वाहन और शीट मेटल वर्कर ट्रेड के लगभग 200 छात्रों को लाभ मिलेगा। सरकार का मानना है कि इससे अप्रेंटिसशिप और नौकरी के अवसर भी बढ़ेंगे।

निजामुद्दीन आईटीआई में वीआर तकनीक से ट्रेनिंग
आईटीआई निजामुद्दीन में ऑटोमोटिव सेक्टर की लैब्स को हाई-टेक बनाया जाएगा। यहां वर्चुअल रियलिटी (वीआर) सिमुलेटर के जरिए ड्राइविंग, वेल्डिंग और पेंटिंग की ट्रेनिंग दी जाएगी। इस तकनीक से छात्र बिना जोखिम के वास्तविक जैसी स्थिति में काम सीख सकेंगे। साथ ही एबीएस ब्रेकिंग सिस्टम, एयरबैग सिस्टम और आधुनिक वाहन इलेक्ट्रॉनिक्स पर भी विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस सुविधा से मैकेनिक ऑटो बॉडी पेंटिंग और ऑटो बॉडी रिपेयर ट्रेड के 208 प्रशिक्षुओं को फायदा मिलेगा।

मयूर विहार आईटीआई में बनेगी ईवी लैब
एचजेबी आईटीआई मयूर विहार (खिचड़ीपुर) में इलेक्ट्रिक व्हीकल (ईवी) लैब बनाई जाएगी। यह लैब भविष्य की ग्रीन मोबिलिटी और इलेक्ट्रिक वाहन तकनीक पर आधारित होगी। यहां बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम, इलेक्ट्रिक मोटर, ईवी चार्जिंग स्टेशन, फॉल्ट डायग्नोसिस और पावर इलेक्ट्रॉनिक्स की ट्रेनिंग दी जाएगी। छात्रों को इलेक्ट्रिक वाहनों की असेंबली, टेस्टिंग और मरम्मत का व्यावहारिक अनुभव मिलेगा। इस लैब से इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक, मेकाट्रॉनिक्स और संबंधित ट्रेड के 184 छात्रों को लाभ मिलेगा।

पूरी दिल्ली के युवाओं को मिलेगा फायदा
सरकार ने इन चारों आईटीआई को राजधानी के चार अलग-अलग हिस्सों में चुना है, ताकि उत्तर, पश्चिम, दक्षिण और पूर्वी दिल्ली के युवा आसानी से लाभ उठा सकें। इससे हजारों छात्रों को अपने क्षेत्र के नजदीक आधुनिक ट्रेनिंग सुविधा मिल सकेगी।
रोजगार और स्वरोजगार दोनों बढ़ेंगे -सीएम

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार युवाओं को रोजगारपरक और उद्योगोन्मुखी कौशल देने के लिए प्रतिबद्ध है। इन लैब्स के जरिए छात्र तकनीकी रूप से मजबूत होंगे और उन्हें कंपनियों की वास्तविक कार्यशैली समझने का मौका मिलेगा। इससे युवाओं के लिए नौकरी के साथ स्वरोजगार के रास्ते भी खुलेंगे। ये पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्किल इंडिया विजन को आगे बढ़ाने वाला कदम है।

पुराने संस्थानों को मिलेगा नया रूप
दिल्ली के ये आईटीआई वर्षों से युवाओं को प्रशिक्षण देते आ रहे हैं। अब नई तकनीक और आधुनिक लैब्स के जरिए इन्हें नए दौर के स्किल सेंटर के रूप में विकसित किया जाएगा। सरकार को उम्मीद है कि इससे दिल्ली के युवा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर अवसर हासिल कर सकेंगे।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed