मार्क टुली बोले भारत को नकली अमेरिका बनने की जरूरत नहीं
जाने-माने पत्रकार मार्क टुली का कहना है कि उन्होंने ज्यादातर मामलों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बहुत मजबूत पाया है, फिर भी उनके सामने लोकसभा चुनाव में किए गए वादों को पूरा करने की बड़ी चुनौती है।
टुली के मुताबिक मोदी को सबका साथ-सबका विकास वाले मार्ग पर ही चलना चाहिए, जो कि प्रजातंत्र के लिए जरूरी है। मंगलवार को अमर उजाला संवाद कार्यक्रम में सर विलियम मार्क टुली ने कहा कि मुश्किल स्थितियों से निकलकर नरेंद्र मोदी को इतनी ताकत मिली है।
तीन दशक तक दक्षिण एशिया में बीबीसी के प्रमुख रहे टुली का कहना था कि भारतीय आबादी में नौजवानों का विशाल हिस्सा होना एक लाभ है लेकिन इन युवाओं की उम्मीदें पूरी नहीं हुईं तो यह फायदा विनाश में भी तब्दील हो सकता है।
टुली का कहना था कि भारतीय संस्कृति में ही देश का भविष्य है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में प्रकृति के साथ रहने पर जोर दिया जाता है जबकि पश्चिमी देश प्रकृति को गुलाम बनाने की कोशिश करते हैं। जरूरी है कि असली भारत ही बने, नकली अमेरिका बनना बड़ी भूल होगी।
कांग्रेस पर आज भी हावी है परिवारवाद
टुली ने कहा कि इंदिरा गांधी को कमजोर नेता समझा जाता था लेकिन वह काफी मजबूत नेता बनकर उभरीं। राजीव गांधी तक भी कांग्रेस काफी मजबूत पार्टी थी लेकिन अब पार्टी की वह स्थिति नहीं रही है।
टुली के मुताबिक कांग्रेस पर परिवारवाद हावी है, यही पार्टी की कमजोरी है। उन्होंने कहा कि राज्यों में मजबूत नेतृत्व विकसित किया जाना कांग्रेस की वापसी के लिए जरूरी है।
आम आदमी पार्टी के बारे में टुली का मानना था कि यह अब एक आदमी (केजरीवाल) की पार्टी बन कर रह गई है। दूसरी पार्टी की तरह ही अपने कार्यों के विज्ञापन देने लगी है।
उन्होंने कहा कि अब यह आम आदमी नहीं बल्कि सिर्फ केजरीवाल की सरकार है। ऐसा लोकतंत्र में नहीं होना चाहिए। टुली ने कहा कि आप के बनते ही उसमें झगड़े शुरू हो गए। भारतीय राजनीति में एक संभावना के रूप में उभरी यह पार्टी खुद को अलग साबित नहीं करती तो यह देश का दुर्भाग्य होगा।
नेता राजनीतिक लाभ के लिए बढ़ रहे आगे
टुली ने दुख जताया कि भारत में नेता सिद्धांतों पर ध्यान नहीं देते हैं। वह सिर्फ राजनीतिक लाभ देखते हैं। हालांकि उन्होंने माना कि भारत का प्रजातंत्र काफी मजबूत है, जो कि देश की ताकत है।
टुली के मुताबिक भारत की कमजोरी है कि वह हमेशा दूसरे देशों को देखता है। भारत की अपनी संस्कृति और इतिहास है, जिसे न भूलते हुए आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि माना जा रहा है कि भारत विश्व की दूसरी सबसे बड़ी आर्थिक ताकत बनेगा।
भारत तेजी से प्रगति कर रहा है। यहां के लोगों को अच्छे जीवन की उम्मीद है। टुली ने आगाह किया कि देश के लोगों को यदि शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार नहीं मिलता तो प्रगति के कोई मायने नहीं हैं। इसलिए सरकार के लिए ज्यादा से ज्यादा लोगों को शिक्षित बनाना और रोजगार देना जरूरी है।
टीवी पर मुद्दे नहीं सिर्फ तमाशा दिखाया जा रहा है
टुली ने कहा कि आजकल टीवी महज सनसनीखेज खबरों का जरिया बन गया है। अब तो ब्रेकिंग न्यूज के लिए भी इंतजार करने को कहा जाता है। पहले सनसनीखेज खबरें नहीं होती थी।
उन्होंने कहा कि टीवी पर किसी भी मुद्दे को लेकर सिर्फ विवाद के पहलू और तमाशे पर ही जोर दिया जाता है। मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करने के मामले में अखबार बेहतर काम कर रहे हैं।
भारत और इंग्लैंड, दोनों ही देशों में अखबार लंबी स्टोरी लिखते हैं। हिंदी अखबारों पर टुली ने कहा कि हिंदी प्रिंट मीडिया ने प्रसार में अंग्रेजी अखबारों को पीछे छोड़ा है। नतीजे में अब उन्हें भी समान महत्व मिल रहा है।