संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्ध नगर के 10 युवा बॉक्सर सीबीएसई नॉर्थ जोन बॉक्सिंग चैंपियनशिप 2026-27 में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। प्रतियोगिता 1 से 5 जुलाई तक देहरादून के सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल में आयोजित होगी। प्रतियोगिता से पहले खिलाड़ियों ने कड़ा अभ्यास कर तैयारियों को अंतिम रूप दिया है। कोच सोनम के मार्गदर्शन में खिलाड़ी पिछले कई दिनों से नियमित प्रशिक्षण ले रहे हैं। फिटनेस, तकनीकी कौशल और मुकाबले की रणनीति पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अभ्यास के दौरान खिलाड़ियों में उत्साह और आत्मविश्वास साफ नजर आ रहा है। प्रतियोगिता में कृष्ण (66-70 किग्रा), युग (75-80 किग्रा), लक्ष्मण (70-75 किग्रा), अंश (40-42 किग्रा), देवांश (32-34 किग्रा), भविष्य (50-52 किग्रा), मानव (80 किग्रा से अधिक), रिया (80 किग्रा से अधिक), सिद्धि (50-52 किग्रा) और भूमि (52-54 किग्रा) विभिन्न भार वर्गों में चुनौती पेश करेंगे। कोच सोनम ने बताया कि खिलाड़ियों ने मेहनत और अनुशासन के साथ तैयारी की है। उन्हें उम्मीद है कि टीम शानदार प्रदर्शन कर पदक जीतते हुए जिले और विद्यालय का नाम रोशन करेगी। खिलाड़ियों के साथ उनके अभिभावकों को भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। अब सभी की निगाहें देहरादून में होने वाली इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता पर टिकी हैं।