दनकौर। सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ पुलिस का अभियान जारी है। पुलिस ने शनिवार देर रात खुले में शराब पीने वाले 20 लोगों को गिरफ्तार किया। जिसके बाद रविवार को सभी के खिलाफ शांति भंग और सार्वजनिक स्थान पर शराब सेवन की धाराओं में कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया गया। दनकौर के बिलासपुर क्षेत्र में महिलाओं ने सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने की शिकायत की थी। उन्होंने बताया था कि सार्वजनिक स्थानों पर आवारा लोग शराब पीते हैं और आने-जाने वाली महिलाओं से अभद्रता करते हैं। जिसके बाद महिलाओं की इस समस्या को अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था। महिलाओं की परेशानी प्रकाशित होने के बाद पुलिस एक्शन में आई है और लगातार सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई कर रही है।
इन आरोपियों को किया गया गिरफ्तार : दनकौर थाना प्रभारी मुनेंद्र कुमार ने बताया कि सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। खुले में शराब पीने वाले राहुल, विपिन, सोहिल, वीरेंद्र, मोइन, बल्लू, जसराज, शमसुद्दीन, कैलाश, मुकर्रम, अभिषेक, इमरोज, सद्दाम, पवन, मनोज, राहुल, दुर्गेश, रविंद्र और अखिलेश के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई है।