दो दिन, दो एक जैसी वारदात: पहले लड़की 21वीं मंजिल से कूदी, अब 12वें माले से कूदा लड़का; दोनों थे 8वीं के छात्र
पुलिस प्रारंभिक जांच में आत्महत्या के पहलू से भी जांच कर रही है, लेकिन अभी तक कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक छात्र के मानसिक तनाव में होने की बात भी प्रारंभिक पूछताछ में सामने आई है।
विस्तार
ग्रेटर नोएडा के साइट सी स्थित डिजाइन आर्च सोसायटी में शनिवार सुबह आठवीं कक्षा के छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में 12वीं मंजिल से गिरकर मौत हो गई। मृतक की पहचान रणविजय ढाका (12) के रूप में हुई है। वह समर विले स्कूल में कक्षा आठ का छात्र था। घटना के बाद परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। वहीं पुलिस की प्रारंभिक जांच में छात्र के गिरने या कूदने की आशंका से भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि अभी घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं है। सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल और पोस्टमार्टम रिपोर्ट समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
खेलने की बात कहकर, साइकिल लेकर निकला था रणविजय
आर्किटेक्ट तरुण कुमार ढाका परिवार के साथ डिजाइन आर्च सोसायटी के ई-टावर के फ्लैट नंबर 306 में रहते हैं। शनिवार सुबह रणविजय करीब 8 बजे खेलने की बात कहकर साइकिल लेकर घर से निकला था। इसके बाद वह सोसायटी में स्थित दूसरे टावर तक पहुंचा। सुबह करीब आठ बजे उसके ई टावर के 12वीं मंजिल से नीचे गिरने की जानकारी सामने आई। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और परिजनों को सूचना दी। परिजन आनन-फानन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सीसीटीवी में अकेले जाता दिखा छात्र
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने सोसायटी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में छात्र अकेले लिफ्ट में जाता और 12वीं मंजिल पर उतरता दिखाई दे रहा है। इसके बाद वह मोबाइल फोन हाथ में लेकर आगे जाता नजर आ रहा है। फुटेज में उसके आस-पास उस समय कोई अन्य व्यक्ति दिखाई नहीं दे रहा है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि छात्र 12वीं मंजिल तक क्यों गया था और वहां पहुंचने के बाद उसके साथ क्या हुआ। पुलिस को घटना से पहले का एक अन्य वीडियो भी मिला है, जिसमें छात्र मोबाइल फोन पर नजरें टिकाए हुए जाता दिखाई दे रहा है। पुलिस सोसायटी के अन्य कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। जैसे उसके घर से निकलने के बाद की पूरी गतिविधि की जानकारी मिल सके।
साइकिल नीचे मिली, मोबाइल की भी जांच
छात्र की साइकिल भी नीचे खड़ी मिली है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वह साइकिल से दूसरे टावर तक पहुंचने के बाद उसे नीचे छोड़कर किस तरह ऊपर गया। इसके अलावा छात्र के मोबाइल फोन की भी जांच की जा रही है। परिजनों के अनुसार मोबाइल में सिम कार्ड नहीं था और वह वाईफाई से कनेक्ट कर मुख्य रूप से गाने सुनने के लिए उसका इस्तेमाल करता था। पुलिस मोबाइल में उपलब्ध गतिविधियों और अन्य जानकारी के आधार पर घटना से पहले की स्थिति समझने का प्रयास कर रही है।
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
घटना के बाद परिजनों ने इसे संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि छात्र घर से खेलने की बात कहकर निकला था और घटना से पहले उसे किसी ने डांटा या उसके साथ कोई विवाद नहीं हुआ था। परिवार ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर वास्तविकता सामने लाने की मांग की है। हालांकि पुलिस का कहना है कि परिजनों की ओर से अभी कोई शिकायत नहीं दी गई है।
आत्महत्या के पहलू से भी जांच
पुलिस प्रारंभिक जांच में आत्महत्या के पहलू से भी जांच कर रही है, लेकिन अभी तक कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक छात्र के मानसिक तनाव में होने की बात भी प्रारंभिक पूछताछ में सामने आई है। हालांकि इसका घटना से सीधा संबंध है या नहीं, यह अभी स्पष्ट नहीं है। माता-पिता ने भी किसी व्यक्ति से रंजिश होने से इनकार किया है।
बिसरख की घटना से कोई संबंध नहीं
इससे एक दिन पहले ग्रेटर नोएडा की ही महागुन मायवुड्स सोसायटी में भी एक आठवीं की छात्रा की आत्महत्या की घटना सामने आई थी। छात्रा ने 21वीं मंजिल से छलांग लगाकर जान दी दे दी थी। छात्रा की पहचान प्रियांशी (13) के तौर पर हुई थी। वह माता-पिता की इकलौती संतान थी। हालांकि पुलिस की प्रारंभिक जांच में डिजाइन आर्च सोसायटी में हुई रणविजय की मौत का उस घटना से कोई संबंध सामने नहीं आया है। दोनों घटनाओं के बीच किसी तरह के संबंध की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि डिजाइन आर्च की घटना की जांच स्वतंत्र रूप से की जा रही है।
इन तीन चीजों पर जांच की कड़ी टिकी
वहीं एसीपी राजीव कुमार के अनुसार ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अभी यह स्पष्ट रूप से नहीं कहा जा सकता कि छात्र की मौत किस परिस्थिति में हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण और परिस्थितियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है। सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल फोन की जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं।