सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Delhi NCR ›   Noida News ›   Death under suspicious circumstances in Jalpura village, Greater Noida

दहेज की बलि चढ़ी एक और बेटी! :विवाहिता की संदिग्ध मौत, पति-ससुर गिरफ्तार; शादी में किया था एक करोड़ रुपये खर्च

अमर उजाला नेटवर्क, ग्रेटर नोएडा Published by: Vijay Singh Pundir Updated Mon, 18 May 2026 09:34 AM IST
विज्ञापन
सार

मृतका दीपिका नागर के परिजनों का कहना है कि दीपिका की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोप है कि घटना के बाद ससुराल पक्ष के लोग उसे अस्पताल छोड़कर फरार हो गए। जब परिवार को सूचना मिली और वह अस्पताल पहुंचे तो दीपिका मृत अवस्था में मिली।

Death under suspicious circumstances in Jalpura village, Greater Noida
विवाहिता दीपिका की संदिग्ध मौत - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार

दहेज की मांग ने एक और विवाहिता की जिंदगी निगल ली। ग्रेटर नोएडा के थाना ईकोटेक-3 क्षेत्र के जलपुरा गांव में डेढ़ साल पहले ब्याही गई 24 वर्षीय दीपिका नागर की संदिग्ध परिस्थितियों में रविवार को मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने मृतका के पति और ससुर को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार गांव कूड़ी खेड़ा निवासी संजय नागर की बेटी दीपिका नागर की शादी करीब 14 महीने पहले जलपुरा निवासी ऋतिक पुत्र मनोज प्रधान के साथ बड़े धूमधाम से हुई थी। परिजनों का आरोप है कि शादी में करीब एक करोड़ रुपये खर्च किए गए थे। लेकिन इसके बावजूद ससुराल पक्ष लगातार अतिरिक्त दहेज की मांग कर रहा था। आरोप है कि दीपिका को फॉरच्यूनर कार और 50 लाख रुपये लाने के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।

विज्ञापन
विज्ञापन

मृतका के परिजनों का कहना है कि दीपिका की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोप है कि घटना के बाद ससुराल पक्ष के लोग उसे अस्पताल छोड़कर फरार हो गए। जब परिवार को सूचना मिली और वह अस्पताल पहुंचे तो दीपिका मृत अवस्था में मिली। परिजनों का आरोप है कि दीपिका के शरीर पर कई चोटों के निशान थे, जिससे मामला आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या का प्रतीत हो रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन अस्पताल तथा गांव में जुट गए। परिवार के लोगों ने ससुराल पक्ष के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। मृतका की मां और अन्य परिजन रो-रोकर बेहाल है। परिवार का कहना है कि दीपिका कई बार फोन पर प्रताड़ना की जानकारी दे चुकी थी, लेकिन समाज और रिश्तों को बचाने के लिए वह सब सहती रही।

वहीं पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस के अनुसार  महिला ने कथित रूप से दहेज उत्पीड़न से परेशान होकर छत से नीचे कूदकर आत्महत्या कर ली, जिससे उसकी मृत्यु हो गई।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर दहेज हत्या समेत अन्य सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पति ऋतिक और ससुर मनोज को गिरफ्तार कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही मृतका के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल और परिवार के लोगों के बयान भी जांच का हिस्सा बनाए जा रहे हैं। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि विवाहिता को किस स्तर तक प्रताड़ित किया जा रहा था और घटना से पहले उसके साथ क्या हुआ था।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed