LPG संकट: डिलीवरी का मैसेज आया लेकिन सिलिंडर नहीं, शिकायत पर भी सुनवाई नहीं; लोगों ने बयां किया दर्द
उपभोक्ताओं ने गलत पते पर गैस सिलिंडर डिलीवरी और कालाबाजारी की शिकायत की है। बुकिंग के बाद भी सिलिंडर नहीं मिले, एजेंसी सुनवाई नहीं कर रही। 25 दिन बाद ही बुकिंग संभव है।
विस्तार
किल्लत के बीच कई उपभोक्ताओं ने गलत पते पर गैस सिलिंडर डिलीवर होने की शिकायत की है। उनका कहना है कि किसी तरह गैस की बुकिंग भी हुई। बाद में मैसेज आया कि सिलिंडर डिलीवर हो गया है लेकिन उनके घर पर नहीं पहुंचा। जब लोगों ने इस संबंध में एजेंसी से शिकायत की तो कोई सुनवाई ही नहीं हुई। लोगों का कहना है कि 25 दिन बाद सिलिंडर बुक करने की व्यवस्था बनाई गई है। ऐसे में सिलिंडर खत्म होने पर उनके पास और कोई विकल्प भी नहीं बच रहा है। लोगों ने सिलिंडर के कालाबाजारी का भी आरोप लगाया है।
केस-1
सेक्टर-41 निवासी सतेंद्र सागर ने बताया कि सेक्टर-5 गैस एजेंसी से उन्होंने कनेक्शन लिया है। उन्होंने 13 मार्च को सिलिंडर बुक किया था। 14 मार्च को डिलीवरी का मैसेेज भी उनके मोबाइल नंबर पर आ गया लेकिन सिलिंडर अब तक उनके घर नहीं पहुंचा।
केस-2
सेक्टर-80 स्थित गैस एजेंसी के उपभोक्ता मनीष कुमार कहा कि सिलिंडर कहीं और डिलीवर हो गया। जब एजेंसी पर इसकी शिकायत की गई तो स्पष्ट जवाब भी नहीं दिया गया। अब ऐसे में अगला 25 दिन तक कैसे काम चलेगा क्योंकि इधर बुकिंग तो हो नहीं सकती।
कालाबाजारी पर नहीं लग रहा अंकुश
बहलोलपुर के रहने वाले मदन पाल ने बताया कि एजेंसी के पास ही एक व्यक्ति चार हजार रुपये में सिलिंडर दिलाने को कह रहा था। भंगेल में भी इसी तरह के मामले सामने आ रहे हैं जहां सिलिंडर ज्यादा दाम में बेचे जा रहे हैं।
तकनीकी खामी से पहुंचा मैसेज
सिलिंडर डिलीवरी के मैसेज तकनीकी कारणों से पहुंच रहे हैं। सर्वर में दिक्कत आने से ये मैसेज उपभोक्ता के पास पहुंच रहे हैं। उपभोक्ता एजेंसी से ही सिलिंडर प्राप्त कर सकते हैं। -स्मृति गौतम, जिला पूर्ति अधिकारी।