ग्रेटर नोएडा में हत्या: रॉयल सिटी में पड़ोसी ने मारी गोली, 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत, इलाके में फैली सनसनी
रॉयल सिटी गांव में जीवन किशोर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने पड़ोसी विशाल कश्यप व विक्की को संदिग्ध मानकर टीमें गठित की हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
ग्रेटर नोएडा के बादलपुर कोतवाली क्षेत्र स्थित रॉयल सिटी गांव अच्छेजा छपरौला में एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दिए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर दी हैं।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान जीवन किशोर (50) पुत्र रामदास निवासी कायमगंज जनपद फर्रुखाबाद के रूप में हुई है। वह वर्तमान में रॉयल सिटी में रह रहे थे। 18 जून को पुलिस को सूचना मिली कि जीवन किशोर को गोली लगी है। सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए और घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की।
प्रारंभिक जांच में मृतक के पड़ोसी विशाल कश्यप तथा उसके साथी विक्की का नाम सामने आया है। पुलिस दोनों आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फोरेंसिक टीम द्वारा भी घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए गए हैं, जिससे घटना के कारणों और परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।
बताया जा रहा है कि घटना के पीछे किसी पुराने विवाद की आशंका भी जताई जा रही है. हालांकि पुलिस अभी सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पुलिस ने इस संबंध में प्राथमिकी पंजीकृत कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगाई गई हैं। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।