खुशखबर: अब गुरुग्रामवासी वंदे भारत में बैठकर चंडीगढ़ तक कर सकेंगे यात्रा, जानें शेड्यूल और टाइमिंग
ट्रेन का चंडीगढ़ तक संचालन का नोटिफिकेशन जारी हो गया है। नोटिफिकेशन में अजमेर से चंडीगढ़ के मध्य वंदे भारत ट्रेन के चलने का शेड्यूल दर्शाया गया है। चंडीगढ़ तक विस्तार होने से गुरुग्राम के लोगों को काफी फायदा होगा
विस्तार
रेलवे विभाग ने दिल्ली से अजमेर के मध्य चलने वाली वंदे भारत ट्रेन को चंडीगढ़ तक संचालन का नोटिफिकेशन जारी किया है। नोटिफिकेशन में अजमेर से चंडीगढ़ के मध्य वंदे भारत ट्रेन के चलने का शेड्यूल दर्शाया है। चंडीगढ़ तक विस्तार होने से गुरुग्राम के लोगों को काफी फायदा होगा, क्योंकि यहां पर काफी लोगों को अपने कामों के लिए चंडीगढ़ में आना जाना पड़ता है। ट्रेन का विस्तार होने से साइबर सिटीवासियों को चंडीगढ़ आने-जाने में आसानी होगी।
रेलवे सलाहकार समिति के सदस्य बने डॉ. डीपी गोयल ने बताया कि रेलवे विभाग ने कुछ दिन पूर्व घोषणा की थी कि अजमेर से दिल्ली के बीच चलाई गई वंदे भारत ट्रेन का विस्तार चंडीगढ़ तक कर दिया जाए। यह घोषणा गुरुग्राम व रेवाड़ी जिले के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण रही। वंदे भारत ट्रेन के चंडीगढ़ तक विस्तार को लेकर शिक्षाविद् डॉ. अशोक दिवाकर सहित अन्य लोगों ने लड्डू बांटकर खुशी मनाई।
रेलवे सलाहकार समिति के दूसरी बार सदस्य बने डॉ. डीपी गोयल के प्रयासों से गुरुग्राम से चंडीगढ़ तक वंदे भारत रेल सेवा पर मुहर लगने के बाद अब इसके संचालन का नोटिफिकेशन भी जारी कर दिया गया है। डॉ. डीपी गोयल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, गुरुग्राम से सांसद व केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह, केंद्रीय चुनाव समिति की सदस्या डॉ. सुधा यादव का आभार व्यक्त किया है।
वंदे भारत ट्रेन का शेड्यूल
शेड्यूल के अनुसार वंदे भारत ट्रेन नंबर-20977 सुबह 6.20 बजे अजमेर से रवाना होगी। जयपुर से होते हुए गुरुग्राम सुबह 11.09 बजे व दिल्ली कैंट 11.35 बजे और दोपहर बाद 3.45 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी। चंडीगढ़ से वापसी में ट्रेन नंबर-20978 दोपहर बाद 3.15 बजे रवाना होकर शाम 6.33 बजे दिल्ली कैंट, शाम 6.53 बजे गुरुग्राम रेलवे स्टेशन और रात्रि 11.25 बजे अजमेर पहुंचेगी।