चोरों ने चुराया निवाला: स्कूल का ताला तोड़ ले गए दाल-चीनी और अनाज, चूल्हा जलाने के लिए सिलिंडर तक न छोड़ा
हरियाणा के नूंह जिले में एक सरकारी स्कूल को चोरों ने निशाना बनाते हुए उसके रसोई में रखे अनाज और गैस सिलिंडर को चुराकर ले गए। अब स्कूल प्रशासन के सामने बच्चों को मिड डे मील देने का संकट खड़ा हो गया है।
विस्तार
हरियाणा के नूंह जिले के आंकेड़ा गांव स्थित राजकीय गर्ल्स स्कूल में चोरी की बड़ी वारदात हुई है। चोरों ने स्कूल की रसोई का ताला तोड़कर खाद्यान्न और एक गैस सिलिंडर चुरा लिया। इस घटना का पता सोमवार की सुबह तब चला जब स्कूल स्टाफ विद्यालय पहुंचा।
आठ बोरी गेहूं, दाल, चीनी, चावल और सिलिंडर ले गए चोर
स्कूल इंचार्ज पवन ने बताया कि रसोई का ताला टूटा हुआ मिला था। अंदर रखी आठ बोरी गेहूं, दाल, चीनी और चावल गायब थे। इसके साथ ही एक गैस सिलिंडर भी चोर अपने साथ ले गए। चोरी की इस वारदात से पूरे स्कूल स्टाफ में हड़कंप मच गया। स्कूल प्रशासन ने तुरंत स्थानीय पुलिस को मामले की सूचना दी। उन्होंने पुलिस को एक लिखित शिकायत भी सौंपी और कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
अब कैसे बनेगा मिड डे मील
स्कूल की रसोई को निशाना बनाया गया था। चोरों ने सुनियोजित तरीके से ताला तोड़ा। आठ बोरी गेहूं, दाल, चीनी और चावल जैसे महत्वपूर्ण खाद्यान्न चुराए गए। बच्चों के मिड-डे मील के लिए रखे गए ये सामान गायब मिले। एक गैस सिलिंडर भी चोरी हो गया, जिससे स्कूल के कामकाज पर असर पड़ा है।
पुलिस की कार्रवाई
थाना प्रभारी ने बताया कि स्कूल से सामान चोरी होने की शिकायत मिली है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से गहनता से पूछताछ की जा रही है। अज्ञात चोरों की पहचान करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा करने का आश्वासन दिया है।
