एक और कातिल बीवी: नींद की गोलियां खिलाकर पति का गला घोंटा, फिर करंट दिया; प्रेमी संग मिलकर उतारा मौत के घाट
Delhi Crime: दिल्ली पुलिस ने संगम विहार में एक हत्या के मामले को सुलझा लिया है। पुलिस ने मृतक की पत्नी सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हत्या घरेलू विवाद और वित्तीय समस्याओं के कारण एक सुनियोजित साजिश निकली।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दिल्ली के संगम विहार में हुए एक युवक की हत्या के मामले को पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने मृतक की पत्नी मंजू और उसके दो साथियों चमन व किशन को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि घरेलू विवाद, आर्थिक समस्याओं और पत्नी के साथ कथित मारपीट के कारण पति की हत्या की साजिश रची गई थी।
पुलिस ने बताया- घर में गंभीर रूप से घायल मिले थे मुन्ना लाल
बीती 10 अगस्त को सुबह करीब पांच बजे संगम विहार में मुन्ना लाल (55) अपने घर में गंभीर रूप से घायल पाए गए थे। उन्हें एम्स ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
वारदात को छिपाने की कोशिश
घटनास्थल के निरीक्षण में चोरी का झूठा दिखावा करने का प्रयास और खून के निशान मिटाने की कोशिशें सामने आईं। सीसीटीवी फुटेज की जांच में एक महिला और एक नकाबपोश व्यक्ति की संदिग्ध गतिविधि दिखी। नकाबपोश व्यक्ति सुबह 1:45 बजे घर में घुसा और 3:15 बजे निकला। पूछताछ में मंजू ने साजिश में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। मंजू और चमन ने मुन्ना लाल को खत्म करने की योजना बनाई थी। चमन ने पांच लाख रुपये और वित्तीय सहायता के बदले हत्या में शामिल होने पर सहमति जताई थी।
पत्नी ने दो साथियों के साथ मिलकर ऐसे रची साजिश
आरोपियों ने पहले मुन्ना लाल को चमन द्वारा दी गई नींद की गोलियां दीं। जब वह सो गए, तो दोनों ने मिलकर उनका गला घोंटा। इसके बाद उन्हें बिजली का झटका दिया और लकड़ी के डंडे से भी मारा। मंजू ने बताया कि उसने घटना के समय चमन को 20,000 रुपये दिए थे।
गिरफ्तार आरोपियों में मंजू (45), चमन (20) और किशन (28) शामिल हैं। किशन को आश्रय देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 15,000 रुपये बरामद किए हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।