बेटे ने किया पापा और चाचा का मर्डर: एक ही कमरे में मिली दोनों भाइयों की लाश, पढ़ें- ईश्वर का कबूलनामा
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि शराब के नशे में उसका अपने पिता और चाचा के साथ विवाद हो गया था। गुस्से में आकर उसने दोनों पर जानलेवा हमला किया और उन्हें तब तक पीटा जब तक उनकी सांसें नहीं थम गईं। हत्या के बाद वह मौके से फरार हो गया था।
विस्तार
राजधानी के उत्तम नगर इलाके के मोहन गार्डन क्षेत्र में घर के एक कमरे के भीतर दो सगे भाइयों की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत की गुत्थी को द्वारका जिला पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने इस दोहरे हत्याकांड के आरोप में मृतक के 22 वर्षीय बेटे को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने शराब के नशे में हुए झगड़े के बाद अपने पिता देवेंद्र कुमार और चाचा अमित की बेरहमी से पिटाई की थी, जिससे उनकी मौत हो गई।
जिस कमरे में मिली थी लाश, वहां चारों तरफ पड़ी थीं शराब-बीयर की बोतलें
डीसीपी कुशल पाल सिंह ने बताया कि 4 अप्रैल को उत्तम नगर पुलिस को मोहन गार्डन के एक घर में दो व्यक्तियों के मृत पड़े होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस टीम को कमरे के भीतर 50 वर्षीय देवेंद्र कुमार और उनके 48 वर्षीय भाई अमित के शव मिले। कमरा पूरी तरह अस्त-व्यस्त था और चारों ओर शराब व बीयर की बोतलें बिखरी हुई थीं। शुरुआती जांच में मामला संदिग्ध लगा, जिसके बाद क्राइम टीम और एफएसएल ने साक्ष्य जुटाए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि दोनों की मौत बाहरी प्रहार के कारण आई अंदरूनी चोटों की वजह से हुई थी।
मकान मालिक ने करा दिया था मामला शांत
जांच के दौरान मकान मालिक नरेश कुमार ने पुलिस को बताया कि देवेंद्र कुमार (जो ईएसआई में कार्यरत थे) करीब 10-12 दिन पहले ही अपने भाई अमित और बेटे ईश्वर के साथ इस घर में किराए पर रहने आए थे। 3 अप्रैल की रात करीब 11:30 बजे उन्हें घर में शोर-शराबे और झगड़े की सूचना मिली। जब वह अपने बेटे के साथ वहां पहुंचे, तो दरवाजा आरोपी ईश्वर ने खोला, जो नशे में धुत था। उस वक्त मकान मालिक ने उसे समझा-बुझाकर मामला शांत कराया और वापस चले गए। लेकिन अगली सुबह कमरे में देवेंद्र और अमित की लाशें मिलीं और ईश्वर फरार था।
बेटे ने बताई हत्या की वजह
मामले की जांच इंस्पेक्टर मुकेश कुमार, एएसआई राजेश और हेड कांस्टेबल नवीन सहित एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने बिखरी हुई कड़ियों को जोड़ा और तकनीकी निगरानी के जरिए आरोपी का पीछा किया। सोमवार की रात पुलिस ने आरोपी ईश्वर (22 वर्ष) को नजफगढ़ रोड, उत्तम नगर के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि शराब के नशे में उसका अपने पिता और चाचा के साथ विवाद हो गया था। गुस्से में आकर उसने दोनों पर जानलेवा हमला किया और उन्हें तब तक पीटा जब तक उनकी सांसें नहीं थम गईं। हत्या के बाद वह मौके से फरार हो गया था। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी नशे का आदी है फिलहाल मामले में आगे की जांच की जा रही है।