दिल्ली में कार ने दो को कुचला: गाड़ी छोड़कर भागा 'कातिल' ड्राइवर, एक था पेंटर दूसरा लगाता था मूंगफली की रेहड़ी
मामले की छानबीन के दौरान पुलिस को नेहरू नगर निवासी एक चश्मदीद जगदीश मिला। जिसने बताया कि घटना इतनी तेजी से हुआ कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला। उसने बताया कि वह और मुन्नी राज पेंटर का काम करते थे। काम करने के बाद दोनों घर की ओर आ रहे थे।
विस्तार
दिल्ली के मोती नगर के जखीरा गोल चक्कर पर बुधवार शाम एक बेकाबू टाटा टियागो कार डिवाइडर से टकराने के बाद दो लोगों को कुचल दिया। घटना में 74 साल के बुजुर्ग सूरज पाल और 48 साल मुन्नी राज गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को पास के अस्पताल में ले जाया गया। देर रात जहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने से हुई मौत का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मौके पर कार छोड़ कर भागे चालक की पहचान करने में पुलिस जुटी हुई है।
पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त दरादे शरद भास्कर ने बताया कि बुधवार शाम करीब 6.10 पर पुलिस को मोती नगर के जखीरा गोल चक्कर पर सड़क हादसा होने और दो लोगों के घायल होने की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, वहां पुलिस को हरियाणा रजिस्ट्रेशन की टाटा टियागो कार क्षतिग्रस्त हालत में खड़ी थी।
जांच में पता चला कि पीसीआर वैन दोनों घायलों को आचार्य भिक्षु अस्पताल लेकर गई है। जबकि चालक घटना के बाद कार को मौके से छोड़ कर भाग गया है। पुलिस कार को जब्त कर वहां से अस्पताल पहुंची। जहां नेहरू नगर आनंद पर्वत निवासी मुन्नी राज और चारा मंडी जखीरा निवासी सूरज पाल का अस्पताल में इलाज चल रहा था। वह बयान देने की हालत में नहीं थे।
प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उनकी बिगड़ती हालत को देखते हुए राम मनोहर लोहिया अस्पताल में रेफर कर दिया। उनके परिवार वाले दोनों घायलों को राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। जहां देर रात इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने शवों को कब्जे में कर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बृहस्पतिवार को पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस आरोपी चालक की पहचान करने में जुटी है।
संभलने का मौका नहीं मिला : चश्मदीद
मामले की छानबीन के दौरान पुलिस को नेहरू नगर निवासी एक चश्मदीद जगदीश मिला। जिसने बताया कि घटना इतनी तेजी से हुआ कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला। उसने बताया कि वह और मुन्नी राज पेंटर का काम करते थे। काम करने के बाद दोनों घर की ओर आ रहे थे। इसी दौरान एक बेकाबू कार जखीरा गोल चक्कर पर डिवाइडर से टकराने के बाद अनियंत्रित होकर मुन्नी राज को कुचलते हुए रेहड़ी में जोरदार टक्कर मारी। रेहड़ी पर सूरज पाल मूंगफली बेचता था। रेहड़ी में टक्कर लगने के बाद वह उछलकर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। जगदीश ने बताया कि वह बाल बाल बच गया।