किसने रची रचना की मौत की साजिश: पति के बाद पत्नी को मारी गोली, बेटी बोली- पापा के हत्यारों ने मां को भी मारा
दिल्ली के शालीमार बाग इलाके में पति के हत्या की चश्मदीद गवाह पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। सात फरवरी को अदालत में मृतका व दो अन्य लोगों की गवाही होनी थी। बेटी का आरोप है कि साजिश के तहत उनकी मां की हत्या कराई गई। घर से निकलते ही घात लगाए बदमाशों ने सिर में गोली मारी।
विस्तार
प्रॉपर्टी डीलर पति की हत्या की मुख्य गवाह पत्नी की शनिवार सुबह शालीमार बाग इलाके में सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतका की शिनाख्त 44 साल की रचना यादव के रूप में हुई है। वह किसी परिचित से मिलने के लिए घर से निकली थी, गली में पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने उन पर गोली चला दी। हमला करने वाले नकाबपोश बदमाश पैदल ही वहां से भाग गए। महिला को तुरंत पास के अस्पताल में ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
महिला के सिर में मारी गोली
जानकारी के मुताबिक रचना यादव अपनी एक बेटी के साथ शालीमार बाग स्थित बीसी ब्लॉक में रहती थी। उसकी बड़ी बेटी की साल 2022 में शादी हो चुकी है। साथ रहने वाली बेटी एक कॉलेज से पत्रकारिता की पढ़ाई कर रही है। उत्तरी-पश्चिमी जिला पुलिस उपायुक्त भीष्म सिंह ने बताया कि शनिवार सुबह करीब 10.59 बजे शालीमार बाग थाना पुलिस को बीसी ब्लॉक में एक महिला के सिर में गोली मारने की जानकारी मिली।
घटनास्थल से बरामद हुआ खाली खोखा
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस को गली में एक महिला लहूलुहान हालत में मिली। जिसे पुलिस ने तुरंत पास के अस्पताल लेकर गई। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। महिला की शिनाख्त 44 साल की रचना यादव के रूप में हुई। पुलिस ने क्राइम और फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया। टीम ने मौके से कई साक्ष्य हासिल किए। घटनास्थल से एक खाली खोखा भी बरामद हुआ।
2023 में हुई थी पति की हत्या
जांच में पता चला कि रचना के पति विजेंद्र कुमार की 2023 में जहांगीरपुरी इलाके में हत्या हुई थी। मामला अभी अदालत में लंबित है। जांच में पता चला कि रचना यादव के पति विजेंद्र यादव जहांगीरपुरी थाने का घोषित बदमाश था। हत्या समेत कई मामलों में जेल भी जा चुका था। रंजिश के कारण ही इसकी हत्या कर दी गई थी। पुलिस उपायुक्त ने बताया कि घटनास्थल के आस पास लगे सीसीटीवी कैमरे के जरिए हमलावरों की पहचान करने की जा रही है। साथ ही परिवार वालों के लगाए आरोप सहित अन्य पहलू पर मामले की जांच कर रही है।
बेटी का आरोप पिता के हत्यारे ने साजिश के तहत करवाई हत्या
रचना की बेटी वृंदा ने आरोप लगाया है कि पिता के हत्यारों ने ही उसकी मां की हत्या की है। उसने बताया कि वह पिता की हत्या की मुख्य गवाह थी। बेटी ने बताया कि उसकी मां की अदालत में गवाही होने वाली थी। उसने बताया कि उसके पिता के हत्या में छह आरोपी थी। जिसमें से पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। एक आरोपी अभी फरार चल रहा है। उसने आरोप लगाया कि फरार आरोपी ने ही वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस अधिकारी का कहना है कि रचना के पति पर कई आपराधिक मामले दर्ज थे। पुलिस सभी पहलू से मामले की जांच कर रही है।
भंडारे में की गई थी महिला के पति की हत्या
22 मई 2023 को भलस्वा गांव स्थित अपने प्रोपर्टी डीलर कार्यालय से एक भंडारे में शामिल होने गए विजेंद्र यादव की गोली मारकर हत्या की गई थी। बदमाशों के आने व गोली चलाने का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इस मामले में दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने संजू यादव व संदीप पंवार समेत पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया था। इस मामले में एक आरोपी भरत यादव अभी फरार है।
सुप्रीम कोर्ट से फरार आरोपी की अग्रिम जमानत रद्द
सुप्रीम कोर्ट में विजेंद्र यादव हत्या के मामले की सुनवाई कर रहे वकील मनोज शर्मा ने बताया कि फरार आरोपी भरत यादव का सुप्रीम कोर्ट से अग्रिम जमानत रद्द हो चुकी है। उच्च न्यायालय ने उसे इस मामले में आरोपी को जमानत दी थी। उसके बाद रचना यादव ने उसकी जमानत को रद्द कराने के लिए सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की थी। सुनवाई के बाद सुप्रीम कोर्ट ने जमानत रद्द कर दी थी। आरोप है कि उसके बाद से रचना यादव को लगातार धमकी मिल रही थी। पीड़ित परिवार का आरोप है कि धमकियों को लेकर उनलोगों ने शालीमार बाग थाने में शिकायत दी थी। इसकी जानकारी अदालत में दी गई थी, जिसको लेकर सात फरवरी को सुप्रीम कोर्ट में इसकी सुनवाई होनी थी।
रंजिश की वजह से हुई थी विजेंद्र यादव की हत्या
परिवार वालों के मुताबिक मृतक विजेंद्र यादव व मुख्य आरोपी भरत यादव पार्षद का चुनाव लड़ना चाहते थे। इस बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद दुश्मनी हो गई। उसके बाद ही विजेंद्र यादव की हत्या कर दी गई। हालांकि आपराधिक रिकार्ड होने की वजह से विजेंद्र यादव की कई लोगों से दुश्मनी थी। पुलिस सभी पहलू पर मामले की जांच कर रही है।