सिसोदिया का आरोप: दिल्ली के बाद तेलंगाना में ऑपरेशन लोटस चला रही BJP, शाह का नाम ले रहे दलाल, गिरफ्तार करो
दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने एक बार फिर भाजपा पर विधायकों की खरीद फरोख्त का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में नाकामयाब होने के बाद तेलंगाना में ऑपरेशन लोटस चलाया जा रहा है। पुलिस की गिरफ्त में आए दलालों ने माना कि वह दिल्ली में भी इस तरह का ऑपरेशन चला रहे।
विस्तार
उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने एक बार फिर विधायकों की खरीद-फरोख्त का आरोप लगाते हुए भाजपा पर हमला बोला है। उनका दावा है कि दिल्ली में नाकामयाब होने के बाद ऑपरेशन लोटस तेलंगाना में चलाया गया। पुलिस की गिरफ्त में आए दलालों ने खुलासा किया है कि वह तेलंगाना जैसा विधायकों को खरीदने वाला मॉडल दिल्ली में भी ऑपरेट कर रहे थे। इन लोगों ने कबूला है कि वह 25-25 करोड़ रुपये में दिल्ली के विधायकों को खरीदने की कोशिश में थे। सिसोदिया ने कहा कि इस बात की भी जांच होनी चाहिए कि दलाल जो ये दो नाम ले रहा है, संतोष जी और शाह जी। क्या ये भाजपा के बीएस संतोष और अमित शाह हैं। अगर ये हैं तो इन्हें गिरफ्तार किया जाना चाहिए।
मनीष सिसोदिया ने शनिवार को मीडिया से बात करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा द्वारा देश में ऑपरेशन लोटस का गंदा खेल खेलने का संगीन मामला सामने आया है। यह लोग विधायक खरीद कर जनता की राय के खिलाफ जाते हुए चुनी हुई सरकार को गिराने का काम करते हैं।
सिसोदिया के मुताबिक, 27 अक्टूबर को मीडिया के सामने आया। इसमें तेलंगाना में एक रेड होती हुई दिखाई गई थी। जहां विधायक खरीदने वाले ऑपरेशन लोटस के 3 दलाल 100 करोड़ रुपयों के साथ रंगे हाथ पकड़े गए हैं। इनके नाम रामचंद्र भारती उर्फ स्वामी, सिमैया व नंद कुमार हैं, जो तेलंगाना के एक फार्म-हाउस में टीआरएस के 4 विधायकों को 100 करोड़ रुपये देकर खरीदने की कोशिश कर रहे थे। इस मौके पर सिसोदिया ने कुछ तस्वीरें भी दिखाई।
उन्होंने कहा कि 28 अक्टूबर को इनका एक नया ऑडियो सामने आया, जिसमें ये दलाल टीआरएस के विधायक को खरीदने व अपने अन्य विधायक साथियों को भी साथ लाने की बात कर रहे थे। सिसोदिया ने हैरानी जताई कि भाजपा की ओर से विधायक खरीदने वाले खुलेआम कह रहे थे कि विधायक और विधायकों को साथ लेकर आए संतोष जी पार्टी में नंबर 2 शाह जी से मिलवाएंगे। साथ में उनकी सीबीआई व ईडी की तरफ से बेफिक्र होने की सलाह थी।
सिसोदिया ने कहा कि दिल्ली में भी इन लोगों ने आप के विधायकों को पार्टी तोड़ने का ऑफर दिया था, लेकिन ‘आप’ के विधायकों ने भाजपा के इस ऑपरेशन लोटस का भांडा फोड़ा था। इन्होंने मेरे साथ भी यह कोशिश की थी और ठीक उसी तरह यह दलाल इस ऑडियो में कह रहे हैं कि वह दिल्ली में भी वे ऑपरेशन को उसी तरह ऑपरेट कर रहे है जैसे तेलंगाना में कर रहे है। सिसोदिया का दावा है कि तेलंगाना में 4 एमएलए खरीदने के लिए ये 100 करोड़ रुपये लेकर आए थे तो दिल्ली के 43 विधायकों को खरीदने के लिए लाए हुए 1075 करोड़ रूपये कहा रखे हुए है? उनका सवाल था कि यह पैसे किसके है और कहां से आए? इन सब की जांच होनी चाहिए।
विधायकों को तोड़ने की कोशिश
आप विधायक आतिशी का आरोप है कि दिल्ली में ऑपरेशन लोटस के जरिए आप विधायकों को खरीदने का सबूत अब सामने आ गया है। दलालों ने टीआरएस विधायकों को बताया कि दिल्ली में 43 विधायक को तोड़ने की कोशिश की गई थी। दलालों का जो ऑडियो सामने आया है, उसमें वह कह रहे हैं कि तेलंगाना की तरह दिल्ली में 43 विधायक संपर्क में हैं। आप विधायकों ने पहले ही बता दिया था कि उनको 25 करोड़ तक के ऑफर दिए गए। आतिशी के मुताबिक, गिरफ्त में दलालों की कैबिनेट मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री जी किशन रेडी और आरएसएस नेता बंगारू दत्ता के साथ तस्वीरें हैं।