DU Law Admissions 2026: डीयू में लॉ कोर्सेज के लिए आवेदन शुरू, जानें रजिस्ट्रेशन शुल्क और जरूरी दस्तावेज
DU Law Admissions: दिल्ली विश्वविद्यालय ने लॉ कोर्सेज में प्रवेश के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक उम्मीदवार निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इस प्रक्रिया में रजिस्ट्रेशन शुल्क, जरूरी दस्तावेज और अंतिम तिथि से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी शामिल है।
विस्तार
DU Law Admissions 2026: दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) के विधि संकाय के 5 वर्षीय एकीकृत विधि कार्यक्रम (बीए एलएलबी ऑनर्स और बीबीए एलएलबी ऑनर्स) के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी है। इन कोर्सेज में एडमिशन के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन 18 मई 2026 रात 11:59 बजे तक चलेगा।
दिल्ली विश्वविद्यालय के लॉ कोर्स में प्रवेश-आवंटन कार्यक्रम की घोषणा बाद में आधिकारिक वेबसाइट law.uod.ac.in पर की जाएगी। पंजीकरण और आवंटन के लिए लिया जाने वाला शुल्क वापस नहीं किया जाएगा।
आवेदन शुल्क और जरूरी दस्तावेज
आवेदन शुल्क की बात करें तो सामान्य (UR),ओबीसी-एनसीएल और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों को 1,500 रुपये देने होंगे, जबकि एससी, एसटी और पीडब्ल्यूबीडी वर्ग के उम्मीदवारों को 1,000 रुपये शुल्क देना होगा।
आवेदन प्रक्रिया के दौरान उम्मीदवारों को जरूरी दस्तावेजों की स्कैन की हुई कॉपी अपलोड करनी होगी। इनमें फोटो, हस्ताक्षर, शैक्षणिक प्रमाण पत्र और यदि लागू हो तो अनुभव या श्रेणी प्रमाण पत्र शामिल हैं। सभी दस्तावेज निर्धारित फाइल साइज लिमिट के अनुसार ही अपलोड करने होंगे।
कौन भर सकता है फॉर्म?
- उम्मीदवारों को किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से कक्षा 12 (10+2) या समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण होना आवश्यक है।
- यूआर, ईडब्ल्यूएस और अन्य पिछड़ा वर्ग-एनसीएल वर्ग के लिए न्यूनतम 45% अंक अनिवार्य हैं।
- एससी, एसटी और पीडब्ल्यूबीडी वर्ग के लिए न्यूनतम 40% अंक आवश्यक हैं।
- बीए एलएलबी (ऑनर्स) और बीबीए एलएलबी (ऑनर्स) में प्रवेश के लिए CLAT 2026 में शामिल होना जरूरी है।
- 2026 में कक्षा 12 में कंपार्टमेंट (पूरक) वाले उम्मीदवार 2026-27 सत्र के लिए पात्र नहीं होंगे।
कैसे करें आवेदन?
- सबसे पहले उम्मीदवार law.uod.ac.in पर आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं।
- इसके बाद नया अकाउंट बनाकर व्यक्तिगत जानकारी, कोर्स प्राथमिकता और शैक्षणिक विवरण भरें।
- निर्धारित प्रारूप में जरूरी दस्तावेज अपलोड करें।
- फिर नेट बैंकिंग, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड या UPI के माध्यम से शुल्क का भुगतान करें और फॉर्म सबमिट करें।
- अंत में कन्फर्मेशन पेज और शुल्क रसीद डाउनलोड कर लें और भविष्य के लिए उसका प्रिंटआउट सुरक्षित रखें।
