JEE Advanced 2026: जेईई एडवांस्ड परीक्षा 17 मई को, 23 अप्रैल से कर सकेंगे पंजीकरण; 2.50 लाख रैंक वालों को मौका
JEE Advanced 2026 Exam Date: भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, रूड़की (IIT Roorkee) ने संयुक्त प्रवेश परीक्षा एडवांस्ड 2026 की परीक्षा तिथि घोषित कर दी है। परीक्षा मई में दो पालियों में आयोजित की जाएगी। इच्छुक उम्मीदवार 6 अप्रैल से 2 मई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
विस्तार
JEE Advanced Exam Date 2026: आईआईटी रूड़की ने जेईई एडवांस्ड 2026 के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया और परीक्षा कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। इस वर्ष परीक्षा का आयोजन आईआईटी रुड़की द्वारा किया जाएगा। जारी जानकारी के अनुसार विदेशी छात्रों के लिए पंजीकरण प्रक्रिया 6 अप्रैल 2026 से शुरू होगी, जबकि भारतीय छात्रों के लिए आवेदन की प्रक्रिया 23 अप्रैल 2026 से शुरू की जाएगी। इच्छुक उम्मीदवार 2 मई 2026 तक आधिकारिक वेबसाइट jeeadv.ac.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
17 मई को दो पालियों में होगी परीक्षा
जेईई एडवांस्ड के एडमिट कार्ड 11 मई से 17 मई 2026 के बीच डाउनलोड किए जा सकेंगे। अभ्यर्थी इस अवधि के दौरान आधिकारिक वेबसाइट से अपना प्रवेश पत्र प्राप्त कर सकते हैं। परीक्षा 17 मई 2026 को आयोजित की जाएगी और यह एक ही दिन में दो अलग-अलग सत्रों में होगी। पहला पेपर सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित होगा, जबकि दूसरा पेपर दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक आयोजित किया जाएगा।
सिर्फ 2,50,000 रैंक के भीतर वालों को मौका
पात्रता के संबंध में बताया गया है कि केवल वही उम्मीदवार आवेदन कर सकेंगे, जिन्होंने जेईई मेन 2026 के पेपर-1 (बीई/बीटेक) में शीर्ष 2,50,000 रैंक के भीतर स्थान प्राप्त किया हो। यह नियम सभी श्रेणियों के उम्मीदवारों पर लागू होगा। इसके अलावा किसी भी उम्मीदवार को जेईई एडवांस्ड परीक्षा में अधिकतम दो बार बैठने की अनुमति है और ये दोनों प्रयास लगातार दो वर्षों में होने चाहिए।
पहले से आईआईटी में प्रवेश वालों को नहीं मिलेगा मौका
उम्मीदवार का कक्षा 12वीं या समकक्ष परीक्षा में पहली बार 2025 या 2026 में शामिल होना आवश्यक है। उम्मीदवारों के लिए भौतिकी, रसायन और गणित विषय अनिवार्य होने चाहिए। वहीं, जो उम्मीदवार पहले किसी भी भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) में प्रवेश ले चुके हैं, वे जेईई एडवांस्ड परीक्षा देने के पात्र नहीं होंगे।
जेईई एडवांस्ड 2026 की परीक्षा कंप्यूटर आधारित टेस्ट (सीबीटी) मोड में देशभर के निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। प्रश्नपत्र हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक छात्र आसानी से परीक्षा दे सकें।
कमेंट
कमेंट X