NEET UG 2026: नीट यूजी के लिए आवेदन करने का एक और मौका, 11 मार्च तक बढ़ाई गई अंतिम तिथि
NEET UG 2026: एनटीए ने नीट यूजी 2026 के लिए पंजीकरण करने की समय सीमा बढ़ा दी है। इच्छुक उम्मीदवार अब 11 मार्च तक आवेदन कर सकते हैं। परीक्षा 3 मई 2026 को आयोजित की जाएगी।
विस्तार
NEET UG 2026: राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा - स्नातक (NEET UG 2026) के लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। अब पात्र उम्मीदवार 11 मार्च 2026 रात 9 बजे तक आवेदन कर सकते हैं। जो अभ्यर्थी एमबीबीएस और बीडीएस पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेना चाहते हैं, वे आधिकारिक वेबसाइट neet.nta.nic.in पर जाकर आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
एनटीए के अनुसार, आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम समय सीमा भी 11 मार्च रात 11:50 बजे तक रखी गई है। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे अंतिम समय की भीड़ से बचने के लिए जल्द से जल्द आवेदन कर लें।
नीट यूजी 2026 की परीक्षा 3 मई 2026 को आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा ऑफलाइन यानी पेन-एंड-पेपर मोड में देशभर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा के माध्यम से देशभर के मेडिकल और डेंटल कॉलेजों में एमबीबीएस और बैचलर ऑफ डेंटल सर्जरी (BDS) पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिया जाता है।
आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज
नीट यूजी 2026 के आवेदन फॉर्म को भरते समय उम्मीदवारों को कुछ जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होंगे। इनमें कक्षा 10वीं और 12वीं के प्रमाणपत्र, वैध फोटो पहचान पत्र, श्रेणी या PwBD प्रमाणपत्र (यदि लागू हो), पता संबंधी जानकारी, स्कैन की गई फोटो और हस्ताक्षर शामिल हैं।
आवेदन शुल्क
नीट यूजी 2026 के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों को निर्धारित शुल्क का भुगतान करना होगा। सामान्य और एनआरआई श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 1700 रुपये रखा गया है। वहीं जनरल-ईडब्ल्यूएस और ओबीसी-एनसीएल श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए शुल्क 1600 रुपये है। एससी, एसटी, पीडब्ल्यूबीडी और थर्ड जेंडर श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 1000 रुपये निर्धारित किया गया है। जबकि भारत के बाहर स्थित परीक्षा केंद्रों के लिए आवेदन शुल्क 9500 रुपये रखा गया है।
ऐसे भरें आवेदन फॉर्म
- सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट neet.nta.nic.in पर जाएं।
- होमपेज पर NEET UG 2026 Registration लिंक पर क्लिक करें।
- अपनी बुनियादी जानकारी दर्ज करके यूजर आईडी और पासवर्ड बनाएं।
- इसके बाद लॉग इन करके NEET UG 2026 आवेदन फॉर्म भरें।
- मांगे गए सभी आवश्यक दस्तावेज अपलोड करें।
- निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान करें।
- फॉर्म को सबमिट करें।
- अंत में कन्फर्मेशन पेज डाउनलोड करें और उसका प्रिंट आउट भविष्य के लिए सुरक्षित रख लें।
कमेंट
कमेंट X