Karate Kid Legends: युग देवगन की लॉन्चिंग की तैयारी पूरी, ट्रेलर लॉन्च पर कल पहली बार मीडिया से होंगे रूबरू
Ajay Devgn-Yug Devgn: बॉलीवुड स्टार अजय देवगन के बेटे युग देवगन भी फिल्मों में अपना डेब्यू करने जा रहे हैं। हालांकि, उनके इस डेब्यू में एक ट्विस्ट भी है। जानिए क्या है वो ट्विस्ट।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हॉलीवुड फिल्मों ‘द लॉयन किंग’ और ‘मुफासा’ में अभिनेता शाहरुख खान के अपने बेटों के साथ मुख्य किरदारों की डबिंग करने के बाद अब अभिनेता अजय देवगन अपने बेटे युग के साथ ऐसा ही कुछ हॉलीवुड की नई फिल्म ‘कराटे किड: लीजेंड्स’ में करने जा रहे हैं। इस फिल्म के हिंदी संस्करण में में अजय देवगन मिस्टर हान की आवाज बनेंगे जबकि उनके बेटे युग देवगन को ली फॉन्ग की आवाज के रूप में सुना जा सकेगा। ये फिल्म इसी महीने रिलीज हो रही है और इसके हिंदी ट्रेलर लॉन्च पर युग देवगन अपने पापा अजय के साथ पहली बार बुधवार को यहां मुंबई में मीडिया के रूबरू होंगे।
हॉलीवुड फिल्मों के डब संस्करणों की भारत में हिंदी के अलावा तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम में भी खूब लोकप्रियता रही है। फिल्म ‘स्पाइडरमैन’ को तो भोजपुरी में भी डब किया जा चुका है। इस लोकप्रियता को देखते हुए सोनी पिक्चर्स एंटरटेनमेंट ने इस बार अभिनेता अजय देवगन और उनके बेटे युग पर दांव लगाया है। ये दोनों फिल्म ‘कराटे किड: लीजेंड्स’ में फिल्म के मुख्य किरदारों की डबिंग करने जा रहे हैं। भारत में ये फिल्म 30 मई को रिलीज होगी।
अजय देवगन फिल्म ‘कराटे किड: लीजेंड्स में मिस्टर हान के जिस किरदार को आवाज दे रहे हैं, वह किरदार जैकी चैन ने निभाया है। मतलब ये कि फिल्म के हिंदी संस्करण में अजय देवगन मार्शल आर्ट्स फिल्मों के दिग्गज कहे जाने वाले जैकी चैन के किरदार की आवाज बन रहे हैं। वहीं फिल्म के लीड किरदार यानी कि ली फॉन्ग को परदे पर निभाने वाले बेन वांग की हिंदी संस्करण में आवाज बने हैं युग देवगन।
यह खबर भी पढ़ें: Cannes 2025: फिल्म ‘लापता लेडीज’ की ये एक्ट्रेस कान फेस्टिवल में आएंगी नजर, साथ ही दिखेंगी एक फेमस इंफ्लुएंसर
युग देवगन हाल ही में अजय देवगन की फिल्म ‘सन ऑफ सरदार 2’ की शूटिंग पर भी दिखाई दिए थे और तब ये चर्चा खूब हुई थी कि वह इस फिल्म से हिंदी फिल्मों में कदम रखने जा रहे हैं। लेकिन, काजोल ने ‘अमर उजाला’ से एक खास बातचीत में इसे महज एक अफवाह ही बताया था। अब युग इस अंतर्राष्ट्रीय फिल्म की हिंदी डबिंग से अपना फिल्मी करियर शुरू करने जा रहे हैं। वह अपनी डबिंग शुरू भी कर चुके हैं और डबिंग से जुड़े लोगों की मानें तो युग की आवाज में एक अलग ही खनक है।
फिल्म ‘कराटे किड: लीजेंड्स’ एक प्रशिक्षक और उसके शिष्य की ऐसी कहानी है जिसे देखने के लिए बड़े और बच्चे समान रूप से साल के शुरू से ही लालायित रहे हैं। अंतर्राष्ट्रीय फिल्मों की सबसे ज्यादा प्रतीक्षित फिल्मों में शुमार रही फिल्म फिल्म ‘कराटे किड: लीजेंड्स’ की एडवांस बुकिंग जल्द ही शुरू होने वाली है। इस शनिवार रिलीज हो रही ‘मिशन इंपॉसिबल’ फ्रेंचाइजी की आखिरी फिल्म ‘फाइनल रेकनिंग’ के दो हफ्ते बाद आ रही फिल्म ‘कराटे किड: लीजेंड्स’ को लेकर देश के सिनेमाघर मालिकों में काफी उत्साह देखा जा रहा है।
यह खबर भी पढ़ें: Sooraj Pancholi: ‘ऐसी फिल्म करना चाहता था, जिससे सम्मान मिले’, ‘केसरी वीर’ से वापसी करने पर बोले सूरज पंचोली
फिल्म ‘कराटे किड: लीजेंड्स’ की कहानी अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर की पृष्ठभूमि में रची गई है। ये कहानी ली फॉन्ग के एक नए स्कूल में आने और उसके वहां के वातावरण में खुद को व्यवस्थित करने से शुरू होती है। उसके कुछ अनपेक्षित रिश्ते बनते हैं और वह पाता है कि वह एक स्थानीय कराटे चैंपियन के मुकाबले आ खड़ा हुआ है। अपने प्रशिक्षक मिस्टर हान के मार्गदर्शन के सहारे वह इस मुकाबले के लिए खुद को तैयार करता है और अपने भीतर के साहस और हौसले को फिर से खोजने में सफल रहता है।

कमेंट
कमेंट X