कॉलेज में क्रश के लिए गाना गाने पर बॉलीवुड के ‘खिलाड़ी’ की हुई जमकर पिटाई, अक्षय ने शेयर किया मजेदार किस्सा
Akshay Kumar: क्या आप सोच सकते हैं कि बॉलीवुड के ‘खिलाड़ी’ को कभी किसी लड़की के चक्कर में पिटाई खानी पड़ी हो? लेकिन ये सच है। जानिए पूरा किस्सा
विस्तार
हाल ही में अक्षय कुमार ने नेशनल टीवी पर अपने कॉलेज के दिनों का एक मजेदार किस्सा सुनाया, जिसे सुनकर दर्शक भी ठहाके लगाने लगे। शो के दौरान उन्होंने बताया कैसे एक लड़की की वजह से उनकी कई लोगों ने पिटाई की थी।
हम दोनों की जमकर पिटाई हुई
अक्षय कुमार फिलहाल टीवी शो ‘व्हील ऑफ फॉर्च्यून इंडिया’ होस्ट कर रहे हैं। इस दौरान अक्षय ने बताया कैसे एक लड़की के चक्कर में उन्हें मार खाना पड़ा। दरअसल, एक कंटेस्टेंट की शायरी से बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ और बात पहुंच गई इस मुद्दे पर कि क्या लड़के किसी का दिल जीतने के लिए सच में मेहनत करते हैं?
तभी अक्षय ने अपने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा, ‘करीब 40 साल पहले की बात है। मैं कॉलेज में था और एक लड़की को बहुत चाहता था। मैंने उसके लिए गाना सीख लिया। मेरा एक दोस्त था जिसे गिटार बजाना आता था। हम दोनों उसके घर के बाहर गए। मैं गाना गा रहा था और वो गिटार बजा रहा था। फिर थोड़ी देर बाद उसके जितने भी पड़ोसी थे, सब बाहर आ गए और हमें पीट दिया। हम दोनों की जमकर पिटाई हुई।’ अक्षय ने आगे हंसते हुए आगे कहा, ‘मेहनत ज्यादा करने से भी पिटाई हो जाती है।’
टीवी शो और फिल्मों में व्यस्त हैं अक्षय
इन दिनों अक्षय टीवी और फिल्मों दोनों में व्यस्त हैं। वह टीवी पर ‘व्हील ऑफ फॉर्च्यून इंडिया’ होस्ट कर रहे हैं। शो सोमवार से शुक्रवार रात 9 बजे सोनी टेलीविजन और सोनी लिव एप पर प्रसारित होता है। वहीं फिल्मों की बात करें तो उनकी आने वाली फिल्मों में भूत बंगला शामिल हैं।