Alia Bhatt: ‘अल्फा’ को बताया पहली एक्शन फिल्म तो ट्रोल हुईं आलिया; दीपिका का लुक कॉपी करने पर भी भड़के फैंस
Alia Bhatt Troll: मिलान फैशन वीक में पहुंची आलिया भट्ट नेटिजेंस के निशाने पर आ गईं। उन्हें उनके लुक और अल्फा को अपनी पहली एक्शन फिल्म बताने पर फैंस भड़क गए।
विस्तार
अभिनेत्री आलिया भट्ट इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘अल्फा’ को लेकर चर्चाओं में हैं। यशराज के स्पाई यूनिवर्स की ये फिल्म इस साल दिसंबर में रिलीज होनी है। अब आलिया का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वो ‘अल्फा’ को अपनी पहली एक्शन फिल्म बता रही हैं। आलिया के ऐसा बताने पर सोशल मीडिया पर यूजर्स ने एक्ट्रेस को ट्रोल कर दिया है। वहीं आलिया के लुक को लेकर भी उन्हें निशाने पर लिया गया और दीपिका को कॉपी करने की बात कही।
आलिया ने ‘अल्फा’ को कहा अपनी पहली एक्शन फिल्म
मिलान फैशन वीक में गुच्ची स्प्रिंग/समर 2026 फैशन शो के दौरान आलिया ने मीडिया से बात करते हुए आलिया ने ‘अल्फा’ को लेकर अपना उत्साह जताया। इसी दौरान अभिनेत्री ने ‘अल्फा’ को अपनी पहली एक्शन फिल्म कहकर संबोधित किया। फिल्म को लेकर अपनी खुशी जताते हुए एक्ट्रेस ने कहा, ‘यह रिलीज के काफी करीब है। यह मेरे लिए बहुत बड़ी बात है, क्योंकि यह मेरी पहली एक्शन फिल्म है, और मैं यह देखने के लिए उत्सुक हूं कि दर्शक इससे कैसे जुड़ते हैं।’
यूजर्स ने किया ट्रोल, ‘जिगरा’ और ‘कलंक’ की दिलाई याद
अब आलिया के ‘अल्फा’ को अपनी पहली फिल्म बताने पर नेटिजेंस ने एक्ट्रेस को ट्रोल करना शुरू कर दिया। ऐसा इसलिए क्योंकि आलिया इससे पहले ‘जिगरा’ और ‘हार्ट ऑफ स्टोन’ जैसी एक्शन फिल्में कर चुकी हैं। तो वहीं कुछ यूजर्स ने कहा कि आलिया ने अपनी फिल्मोग्राफी से ‘सड़क 2’ और ‘कलंक’ जैसी फिल्में हटा ही दी हैं। नेटिजेंस का कहना है कि क्या अभिनेत्री अपनी पिछली एक्शन फिल्मों, खासकर 'जिगरा' को नजरअंदाज कर रही हैं। एक यूजर ने लिखा, ‘आलिया यह एक एक्शन फिल्म थी। दोनों ही बुरी तरह फ्लॉप हुईं।’
जबकि एक अन्य ने लिखा, ‘आलिया ने अपनी फिल्मों से 'शानदार', 'सड़क', 'कलंक', 'जिगरा' और 'हार्ट ऑफ स्टोन' हटा दी हैं।’ एक और ने लिखा, ‘मजाक छोड़ो, अपनी नाकामियों को स्वीकार न करना (हम सब पर लागू होता है) इंसान के बारे में बहुत कुछ कहता है। यह इस बात का भी संकेत हो सकता है कि इंसान कभी उससे सीख नहीं लेता।’ एक यूजर ने लिखा, ‘शश्श, हम कभी सड़क, कलंक, हार्ट ऑफ स्टोन या जिगरा के बारे में बात नहीं करते।’
अपने लुक को लेकर भी ट्रोल हुईं आलिया
इसके अलावा आलिया को मिलान फैशन वीक में उनके लुक को लेकर भी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा। यहां लोगों ने उनके लुक की तुलना दीपिका पादुकोण के लुक से कर दी। इसके बाद नेटिजेंस ने उन्हें ट्रोल करना शुरू कर दिया। कुछ ने लिखा, ‘आलिया दीपिका को कॉपी करने का प्रयास कर रही हैं।’ तो वहीं कई ने आलिया को सस्ती दीपिका करार दिया।
दिसंबर में रिलीज होगी 'अल्फा'
आलिया भट्ट और शरवरी वाघ स्टारर 'अल्फा' इसी साल 25 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होनी है। यह यशराज के स्पाई यूनिवर्स का हिस्सा है। फिल्म में बॉबी देओल भी प्रमुख भूमिका में नजर आएंगे। इसके अलावा आलिया पति रणबीर कपूर और अभिनेता विक्की कौशल के साथ संजय लीला भंसाली की फिल्म 'लव एंड वॉर' की भी शूटिंग कर रही हैं। यह फिल्म अगले साल 2026 में रिलीज होनी है।