खेसारी लाल ने पिता के लिए खरीदी लग्जरी कार; संघर्ष को याद कर हुए भावुक, बोले- पापा ने चना बेचकर मुझे बड़ा किया
Khesari Lal Yadav New Car: भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव ने नई कार खरीदी है। यह कार उन्होंने अपने पिता के लिए खरीदी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
खेसारी लाल यादव भोजपुरी इंडस्ट्री के सुपरस्टार हैं। अदाकारी से लेकर सिंगिंग तक, हर मामले में वे कमाल हैं। अभिनेता ने सावन के पहले सोमवार को एक नई आलीशान कार खरीदी है। दिलचस्प बात यह है कि उन्होंने यह कार अपने पिता के लिए खरीदी है। खेसारी लाल यादव ने कार खरीदने की जानकारी हालिया सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए शेयर की। इसी के साथ उन्होंने यह भी बताया कि उनके पिता ने बहुत मेहनत और संघर्ष करके उनकी परवरिश की है और इस मुकाम तक पहुंचाया है।
पिता और बेटे के साथ शोरूम पहुंचे खेसारी
खेसारी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से एक पोस्ट शेयर किया है। उन्होंने एक सफेद रंग की रेंज रोवर कार ली है। शोरूम में कार लेने के लिए वे अपने पिता और बेटे के साथ पहुंचे। अभिनेता ने तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा है, 'मेरे जीवन का हर संगीत मेरे पापा हैं, जिन्होंने मुझे चना बेचकर बड़ा किया। आज ये जीत मेरे पापा की है। शुक्रिया पापा मेरे जीवन को इतना बेहतर बनाने के लिए'।
बोले- 'मेरी हर जीत में पापा का पसीना है'
खेसारी ने आगे लिखा है, 'लोग मेरी जीत देखते हैं, लेकिन मैं हर जीत में आपके उस त्याग, पसीना और आप के आशीर्वाद को देखता हूं'। इसके अलावा खेसारी ने एक और वीडियो भी शेयर किया है। इसमें वे अपने पिता के साथ फैंस से रूबरू होते दिखे हैं। खेसारी ने बताया कि घर में पहले से कई कार हैं। पिता के पास भी चार-चार गाड़िया हैं। मगर, उनके पास अभी तक इतनी महंगी गाड़ी नहीं थीं। उनके पिता भी खेसारी के फैंस से यह अपील करते दिखे हैं कि उनके बेटे को हमेशा इतना ही प्यार देते रहें।
खेसारी ने फैंस को दिया ये संदेश
खेसारी लाल यादव ने इसी के साथ अपने फैंस को यह मैसेज भी दिया कि माता-पिता की खुशियों के लिए हमेशा प्रयास करते रहें। उन्हें खुश रखें, उनके साथ समय बिताएं। बता दें कि खेसारी लाल यादव काफी संघर्ष करने के बाद लोकप्रियता के शिखर पर पहुंचे हैं। उनके पिता जहां चना बेचा करते थे। वहीं, कथित तौर पर एक वक्त ऐसा था, जब खुद खेसारी ने भी लिट्टी चोखा बेचकर गुजारा किया है। हालांकि, आज वे टॉप एक्टर्स में शुमार हैं।