नवरात्रि से पहले अक्षरा सिंह पर बरसी अम्बे मां की कृपा; दहेज लोभियों को सबक सिखाती दिखीं भोजपुरी क्वीन
Ambe Hai Meri Maa Trailer: अभिनेत्री अक्षरा सिंह इन दिनों अपनी आगामी फिल्म 'अम्बे है मेरी मां' को लेकर सुर्खियों में हैं। आज इस भोजपुरी फिल्म का ट्रेलर रिलीज हुआ है।
विस्तार
चैत्र नवरात्रि शुरू होने वाली हैं। इससे पहले भोजपुरी अदाकारा अक्षरा सिंह पर अम्बे मां की कृपा बरसी है। दरअसल, हम बात कर रहे हैं फिल्म 'अम्बे है मेरी मां' की। इस फिल्म का ट्रेलर आज शुक्रवार को रिलीज हुआ है। माता रानी की कृपा से फिल्म में अक्षरा दहेज लोभी ससुराल वालों को सबक सिखाती नजर आएंगी।
चाचा-चाची के अत्याचारों से बचाने आईं माता रानी
फिल्म 'अम्बे है मेरी मां' का ट्रेलर बी4यू भोजपुरी के यूट्यूब चैनल पर रिलीज हुआ है। करीब पांच मिनट के इस ट्रेलर में दिखाया गया है कि अक्षरा सिंह के सिर पर माता-पिता का साया नहीं है। वह चाचा-चाची के साथ रहती है और वो लोग घर के काम कराते हैं। परेशान रखते हैं। मगर, बचपन से अक्षरा की आस्था मां अम्बे में अटूट है। माता रानी भी अक्षरा की कदम-कदम पर रक्षा करती हैं।
मौसी बनकर अम्बे मां ने संभाली जिम्मेदारी!
चाचा-चाची अक्षरा का रिश्ता तय कर देते हैं। अम्बे मां अक्षरा की मौसी बनकर शादी में आती हैं और मदद करती हैं। मगर, अक्षरा जब अपने ससुराल पहुंचती हैं तो दहेज की मांग करके ससुराल वाले घर से निकाल देते हैं। तब अम्बे मां ही अक्षरा की मौसी बनकर उनके ससुराल दहेज का सामान लेकर पहुंचती हैं और ससुराल में खुशी-खुशी छोड़कर आती हैं। मगर, दहेज लोभी ससुराल वालों की मांग बढ़ती जाती हैं। मोबाइल के रिचार्ज से लेकर घर के राशन तक सभी मांग मौसी पूरी करती हैं।
अक्षरा ने सिखाया दहेज लोभियों को सबक
एक मोड़ पर आकर अक्षरा जब इनकार कर देती हैं तो सुसराल वाले और पति उन पर अत्याचार करते हैं। इसके बाद अम्बे मां अपना रौद्र रूप दिखाती हैं। वह अपनी शक्ति अक्षरा को देती हैं और इसके बाद अक्षरा दहेज के लालची ससुरालियों को सबक सिखाती हैं। इस फिल्म का निर्देशन प्रवीण कुमार गुडूरी ने किया है। अक्षरा के अलावा फिल्म में पाखी हेड़गे, राकेश बाबू , देव सिंह, प्रेम दुबे, विद्या सिंह और रामसुजान सिंह जैसे सितारे भी हैं। ट्रेलर को दर्शकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है।
अक्षरा बोलीं- 'मां की कृपा से फिल्म का हिस्सा बनी'
अक्षरा सिंह ने इंस्टग्राम पर एक पोस्ट शेयर कर ट्रेलर रिलीज पर खुशी जताई है। साथ ही लिखा है कि वे अपनी निजी जिंदगी में भी बचपन से ही माता रानी पर अटूट आस्था रखती हैं। अक्षरा ने लिखा है, 'बचपन से ही मातरानी से मेरा एक अलग ही नाता रहा है। शायद उसी कृपा का फल है कि मुझे 'अम्बे है मेरी मां' जैसी पावन फिल्म का हिस्सा बनने का अवसर मिला। आज इसका ट्रेलर रिलीज हुआ है। दिल भावुक है। पूरी टीम के साथ काम करने का अनुभव बेहद सुंदर रहा और खासकर पाखी जी के साथ बिताए पल मेरे लिए बहुत खास रहेंगे। वो सिर्फ मेरी सीनियर ही नहीं, बल्कि एक ऐसी मजबूत और प्रेरणादायक महिला हैं जो इतने वर्षों से इंडस्ट्री में अपनी गरिमा और मेहनत के साथ खड़ी हैं। उनसे बहुत कुछ सीखने को मिला। मेरे लिए ये फिल्म सिर्फ एक प्रोजेक्ट नहीं, बल्कि मां दुर्गा के आशीर्वाद से जुड़ा एक बहुत ही भावनात्मक सफर है'।
कमेंट
कमेंट X