सिनेमा जगत में वर्किंग शिफ्ट को लेकर अदिति राव हैदरी की दो-टूक, बोलीं- ‘हम मशीन नहीं हैं…’
Aditi Rao Hydari Exclusive Interview: हाल ही में अदिति राव हैदरी साइलेंट फिल्म ‘गांधी टॉक्स’ में नजर आईं। अपने करियर और फिल्म इंडस्ट्री को लेकर उन्होंने अमर उजाला से खास बातचीत की। इस बातचीत में इंडस्ट्री में काम के घंटों को लेकर चल रही बहस पर अपना नजरिया साझा किया है।
विस्तार
अदिति राव हैदरी फिल्मों में अलग-अलग जॉनर के किरदार निभाती हैं। सोशल इश्यूज पर बनी फिल्में भी उन्होंने की हैं। असल जिंदगी में भी वह कई मुद्दों पर अपनी बात रखती हैं। हाल ही में उन्होंने इंडस्ट्री में लंबे काम के घंटों पर अपना नजरिया बताया है।
कलाकार को काम के घंटे तय करने का हक होना चाहिए
अमर उजाला से हुई बातचीत में अदिति राव हैदरी कहती हैं, ‘मुझे लगता है कि यह हर व्यक्ति की अपनी पसंद है। अगर कोई कलाकार तय घंटे तक काम करना चाहता है, तो यह उसका पूरा हक है। अगर कोई अलग तरह से काम करना चाहता है, तो वह भी उसकी अपनी पसंद है।’
एक्टर्स को भी अपनी देखभाल करनी होती है
वह आगे कहती हैं, ‘फिलहाल मैं अपनी जिंदगी और अपने करियर के उस दौर में हूं, जहां जरूरत से ज्यादा घंटे काम कर रही हूं। लेकिन कुछ दिन ऐसे होते हैं, जब सच में महसूस होता है कि एक्टर से अच्छा काम लेने के लिए उसको रिलैक्स रखना जरूरी होता है। हम मशीन नहीं हैं, हमारे अंदर फीलिंग्स हैं। हमारी देखभाल भी बहुत जरूरी है।’
ये खबर भी पढ़ें: Exclusive: ‘हमें कभी पांच फिल्मों का कॉन्ट्रैक्ट नहीं मिलता’, अदिति राव हैदरी ने बताई बॉलीवुड से दूरी की वजह
अदिति राव हैदरी हाल ही में फिल्म ‘गांधी टॉक्स’ में नजर आईं। जल्द ही वह पंकज त्रिपाठी के साथ फिल्म ‘पारिवारिक मनोरंजन’ में नजर आएंगी। इस फिल्म में पंकज त्रिपाठी के साथ काम करने का उनका अनुभव शानदार रहा। वह बताती हैं, ‘यह अनुभव बहुत मजेदार रहा। यह फिल्म अपने आप में मेरे लिए बहुत नई और अलग तरह की है। इससे पहले मैंने ऐसा कुछ नहीं किया था। पंकज त्रिपाठी के साथ काम करना सच में शानदार रहा। वह बहुत दयालु हैं, बहुत सरल स्वभाव के हैं। सेट पर उन्हें देखना ही खुशी देता है। इस प्रोजेक्ट में कई बेहतरीन कलाकार भी थे, खासकर थिएटर से जुड़े हुए लोग हैं। इतने प्रतिभाशाली लोगों के बीच रहना मेरे लिए नया और अच्छा अनुभव था।’