तो अभिषेक से नहीं अलग हो रही हैं ऐश्वर्य रॉय!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लंबे समय से खबरें आ रही थीं कि बॉलीवुड की सबसे आकर्षक जोड़ियों में से एक अभिषेक बच्चन और ऐश्वर्या राय बच्चन के बीच सब कुछ ठीक नहीं है। उनके बीच खटपट चल रही है। यहां तक कहा जा रहा था कि ऐश्वर्या बेटी आराध्या को लेकर अलग होने का मन बना रही हैं।
लेकिन हाल में प्रो कबड्डी लीग के दौरान जिस तरह से अभि-ऐश्वर्या साथ दिखे उससे साफ हो गया कि आने वाली खबरें कोरी बकवास थीं। इस कबड्डी लीग के फाइनल में अभिषेक की जयपुर वाली टीम ने मुंबई के खिलाफ मुकाबला जीता।
इस दौरान जिस तरह से ऐश्वर्या अपने पति के करीब थीं और दोनों जैसे एक-दूसरे के प्यार में डूबे दिख रहे थे उसने तमाम अफवाहों को विराम दे दिया है। मैच के दौरान ऐश्वर्या बहुत खुश थीं और कई बार उन्होंने अभिषेक की झप्पी भी ली।
खूबसूरत दिखें ऐश्वर्या
वहीं मैच खत्म होने के बाद रेड कारपेट पर जब यह हसीन जोड़ी पहुंची तो अभिषेक ने इस बात का पूरा खयाल रखा कि ऐश्वर्या हमेशा की तरह खूबसूरत दिखें। वह ऐश्वर्या के बिखरे बालों को संवारते नजर आए।
इसी तरह अभिषेक और ऐश्वर्या अफवाहों को दरकिनार करते हुए पिछले हफ्ते मुंबई के राजा कहलाने वाले लालबाग के गणपति के दर्शन के लिए भी गए।
दोनों ने साथ-साथ भगवान का आशीर्वाद लिया। इस दौरान अमिताभ बच्चन भी दोनों के साथ गए थे। ऐश्वर्या जिस तरह से ससुर और पति के साथ खुश थीं, उससे साफ था कि घर में किसी भी तरह के तनाव की सारी अफवाहें बेकार हैं।
अब फिल्मों में भी आएंगी नजर
खैर अब एक और अच्छी खबर यह आ रही है कि ऐश्वर्या अगले साल बॉक्स ऑफिस पर कमबैक करेंगी। यह फिल्म होगी निर्माता-निर्देशक संजय गुप्ता की ‘जज्बा’। खास बात यह है कि ऐश्वर्या को इस फिल्म में काम करने के लिए खुद उनके पति अभिषेक ने मनाया। ‘जज्बा’ एक विदेशी फिल्म का रीमेक होगी, जिसके अधिकार संजय ने खरीद लिए हैं।
हालांकि वे इसका नाम गुप्त रखना चाहते हैं। जनवरी 2015 से इस फिल्म की शूटिंग शुरू होने जा रही है। ऐश्वर्या इस फिल्म के साथ करीब चार साल के बाद अपना कमबैक करेंगी।हाल में संजय ने मीडिया को बताया कि उन्होंने इस फिल्म के बारे में अभिषेक से बात की थी तो उन्होंने पूछा था कि हीरोइन किसे बनाएंगे। तब संजय ने कहा कि अगर ऐश्वर्या आ जाएं तो बढ़िया होगा।
अभिषेक ने मांगी फिल्म की कॉपी
इस पर अभिषेक ने उनसे फिल्म की एक कॉपी मांगी और ऐश्वर्या को फिल्म दिखाई। फिल्म देख कर ऐश्वर्या ने संजय गुप्ता के प्रोजेक्ट के लिए हां कर दी। उन्होंने फिल्म देखने के बाद संजय गुप्ता से फोन पर बात की। संजय के अनुसार, इस फिल्म में इरफान खान भी होंगे। जो एक बर्खास्त पुलिसवाले बने हैं।
ऐश्वर्या इस फिल्म में एक वकील का किरदार निभाती हुई दिखाई देंगी। इरफान और ऐश्वर्या के बीच फिल्म में कोई रोमांस नहीं दिखाया जाएगा, लेकिन कहानी कुछ ऐसे मोड़ लेगी जहां दर्शकों को लगेगा कि दोनों को एक-दूसरे से प्यार है। यह फिल्म चार लोगों की कहानी है।
तीसरा रोल संभवतः जॉन अब्राहम के हिस्से जाएगा और चौथा क्या अभिषेक निभाएंगे? यह तो आने वाला वक्त ही बताएगा क्योंकि अगर अभिषेक के फिल्म में आने की घोषणा हो गई तो दर्शक उन्हें ऐश्वर्या के अपोजिट रोमांस करते देखना चाहेंगे। संजय गुप्ता नहीं चाहते कि कोई उनकी फिल्म के बारे में पहले से अनुमान लगा ले।