‘मैंने मना किया था’, राजपाल यादव के चेक बाउंस केस पर बोले अक्षय कुमार; दिवंगत असरानी की इस सलाह को किया याद
Akshay Kumar: अक्षय कुमार ने ‘भूत बंगला’ के अपने को-स्टार दिवंगत अभिनेता असरानी की आखिरी सलाह को याद किया। जानिए राजपाल यादव के चेक बाउंस मामले पर उन्होंने क्या कुछ कहा…
विस्तार
अभिनेता अक्षय कुमार इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘भूत बंगला’ के प्रमोशन में जुटे हैं। इस फिल्म से अक्षय कुमार और प्रियदर्शन की हिट जोड़ी वापसी कर रही है। इस दौरान अक्षय कुमार ने राजपाल यादव के चेक बाउंस मामले को लेकर टिप्पणी की। उन्होंने अभिनेताओं और निर्देशकों के निर्माता बनने के चलन पर भी अपनी राय रखी। साथ ही अक्षय कुमार ने दिवंगत अभिनेता असरानी की उस सलाह को भी याद किया, जो उन्होंने आखिरी समय में उन्हें दी थी।
असरानी ने दी थी कभी फिल्म प्रोड्यूस न करने की सलाह
स्क्रीन के साथ हालिया बातचीत में अक्षय कुमार ने असरानी के साथ अपनी आखिरी बातचीत को याद करते हुए कहा कि मैंने उनके साथ कई फिल्में की हैं। अपने आखिरी दिनों में उन्होंने मुझसे अपने जीवन की कुछ बातें साझा कीं। उन्होंने अपने जीवन के सबसे बड़े तनाव के दौर के बारे में बताया।
उन्होंने मुझसे कहा था, ‘अक्षय, कभी फिल्म प्रोड्यूस मत करना। अपनी जेब से पैसा लगाना मेरी जिंदगी की सबसे बड़ी गलती थी। जब आप किसी और के पैसे से फिल्म प्रोड्यूस करते हैं, तो ठीक है, जोखिम और मुनाफा उनका होता है, लेकिन जब आप अपना पैसा लगाकर खुद के लिए ज्यादा कमाने की सोचते हैं, तो यह कभी अच्छा नहीं लगता।’
उन्होंने एक फिल्म प्रोड्यूस की थी और उन्हें भारी नुकसान हुआ था। फिल्म अच्छी थी, लेकिन चली नहीं। इस वजह से उनकी सारी जमा पूंजी खत्म हो गई। इसलिए उन्होंने मुझसे कहा कि कभी भी अपनी जेब से पैसा लगाकर फिल्म प्रोड्यूस मत करना।
अभिनेता हो तो अभिनेता ही रहो
इस दौरान अक्षय कुमार ने राजपाल यादव के चेक बाउंस मामले को लेकर भी अपनी राय रखी। एक्टर ने कहा कि वही बात है जो असरानी साहब ने कही थी, कभी फिल्म प्रोड्यूस मत करो। मैंने उनसे कहा था, ‘फिल्म प्रोड्यूस मत करो’।
हम अभिनेता हैं और प्रोड्यूसर जानते हैं कि फिल्म कैसे प्रोड्यूस की जाती है, इसलिए जब तक आपको इसकी बारीकियां पता न हों, प्रोड्यूसर बनने की कोशिश मत करो। अगर आप अभिनेता हैं, तो अभिनेता ही बने रहें। शॉर्टकट अपनाकर जल्दी पैसा कमाने के बारे में मत सोचो।
मुझे उम्मीद है कि राजपाल इस मुश्किल से पूरी तरह उबर जाएंगे। क्या गजब के अभिनेता हैं वो। जब लोग अपना 100 प्रतिशत देते हैं, तो वो 120-140 प्रतिशत देते हैं। उनके साथ काम करना बहुत मजेदार है। हमारी नोकझोंक इतनी स्वाभाविक होती है कि कभी-कभी डायलॉग स्क्रिप्ट में लिखे भी नहीं होते और जब हम उन्हें बनाकर प्रियदर्शन को दिखाते हैं, तो उन्हें पसंद आ जाते हैं।
अक्षय कुमार जल्द ही ‘भूत बंगला’ में नजर आएंगे। यह प्रियदर्शन द्वारा निर्देशित एक हॉरर-कॉमेडी फिल्म है। इस फिल्म में अक्षय कुमार के साथ राजपाल यादव और असरानी दोनों ही कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म में इसके अलावा तब्बू, वामिका गब्बी, परेश रावल और मिथिला पालकर भी मुख्य किरदारों में दिखाई देंगे। ‘भूत बंगला’ 10 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज के लिए तैयार है।