‘कई फिल्ममेकर्स ने गुड्डू पंडित करने से मना किया था’, अली फजल का खुलासा; कहा- शुरुआत में शो को लेकर डरा हुआ था
Ali Fazal: अली फजल ने ‘मिर्जापुर’ सीरीज और गुड्डू पंडित के अपने किरदार को लेकर बड़ा खुलासा किया। जानिए किस बात का अली को था डर और क्यों कई फिल्ममेकर्स ने उन्हें सीरीज करने से किया था मना…
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अभिनेता अली फजल इन दिनों अपनी हालिया रिलीज सीरीज ‘राख’ की सफलता का आनंद ले रहे हैं। वहीं वो ‘मिर्जापुर: द मूवी’ में एक बार फिर गुड्डू पंडित के अपने लोकप्रिय किरदार में वापस लौट रहे हैं। ‘मिर्जापुर’ का गुड्डू पंडित का किरदार अली फजल के सबसे लोकप्रिय किरदारों में से एक है। अब जब ‘मिर्जापुर’ फिल्म के रूप में बड़े पर्दे पर आने की तैयारी में है, तब अली फजल ने अपने किरदार को लेकर एक बड़ा खुलासा किया है। एक्टर ने याद किया कि कई फिल्ममेकर्स ने उन्हें यह रोल न करने की सलाह दी थी।
यह नेशनल लेवल का एक्सपेरिमेंट है
पीटीआई से बात करते हुए ‘मिर्जापुर’ सीरीज को फिल्म में बदलने के बारे में अली फजल ने कहा कि भारत में यह पहली बार हो रहा है कि किसी शो को फिल्म में बदला जा रहा है। यह एक नेशनल लेवल का एक्सपेरिमेंट है जो हम कर रहे हैं। कहानी और किरदार सभी अच्छे हैं।
हम हर प्रमोशनल चीज शेयर करने के लिए उत्साहित हैं। अली ने यह भी बताया कि उन्हें हाल ही में पता चला कि 'फुकरे' के डायरेक्टर मृगदीप सिंह लांबा ने ही 'मिर्जापुर' के मेकर्स को उनका नाम सुझाया था। एक्टर ने याद किया कि उस समय वह इंडस्ट्री में अपनी जगह बना रहे थे और उन्हें इस प्रोजेक्ट से दूर रहने की सलाह दी गई थी।
शुरुआत में डरे हुए थे अली
अली ने गुड्डू पंडित का रोल ऑफर होने के समय को याद करते हुए कहा कि उस समय मैं डरा हुआ था। मुझे नहीं पता था कि इसका फॉर्मेट क्या होगा। यह पहली बार था जब भारत में शुरुआती कुछ शो बन रहे थे। फिल्ममेकर्स मुझसे पूछ रहे थे कि मैं क्या कर रहा हूं।
वे कहते थे, 'फिल्में करो'। मैंने ओटीटी और शो के बदलते दौर को देखा। मुझे लगा कि एक क्रांति आने वाली है। पुनीत कृष्णा ने जिस तरह से स्क्रिप्ट लिखी थी और मिर्जापुर की जो दुनिया उन्होंने बनाई थी, वह वाकई तारीफ के काबिल थी।
2018 में आया था ‘मिर्जापुर’ का पहला सीजन
‘मिर्जापुर’ वेब सीरीज की शुरुआत साल 2018 में हुई थी। पहला सीजन आते ही लोगों की जुबान पर चढ़ गया था। सीरीज का रफ-टफ स्टाइल और डायलॉग्स जबरदस्त लोकप्रिय हुए। उत्तर प्रदेश में क्राइम और राजनीतिक सत्ता की पृष्ठभूमि पर बनी इस सीरीज के दो सफल सीजन आए, जिन्हें दर्शकों और क्रिटिक्स, दोनों से ही खूब तारीफ मिली। हालांकि, तीसरा सीजन उतना लोकप्रिय नहीं हो सका।
सीरीज में अली के अलावा पंकज त्रिपाठी, दिव्येंदु, श्वेता त्रिपाठी, रसिका दुगल, विजय वर्मा, ईशा तलवार, हर्षिता गौर और श्रिया पिलगांवकर जैसे कई कलाकार शामिल थे।
'मिर्जापुर: द मूवी' में अली एक बार फिर गुड्डू पंडित का किरदार निभा रहे हैं, जो पहले बॉडीबिल्डर था और बाद में गैंगस्टर बन गया। फिल्म में कई अहम किरदारों की वापसी भी होगी। हाल ही में फिल्म का टीजर जारी किया गया, जिसके बाद फिल्म को लेकर दर्शकों का उत्साह और भी बढ़ गया है।
फिल्म में अली के अलावा दिव्येंदु और पंकज त्रिपाठी अपने पसंदीदा मुन्ना त्रिपाठी और कालीन भैया के रोल में वापसी करने के लिए तैयार हैं। कास्ट में कुछ नए नाम भी शामिल हुए हैं, जिनमें जितेंद्र कुमार, जो बबलू पंडित का रोल निभाएंगे। वहीं रवि किशन भी फिल्म में अहम किरदार में नजर आएंगे। यह फिल्म 4 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।