Exclusive:‘मैं इंतजार ही करता रह गया...’ आशा ताई के निधन पर भावुक हुए म्यूजिक कंपोजर ललित पंडित; साझा की यादें
Musical composer Lalit Pandit Exclusive Interview: मशहूर और दिग्गज गायिका आशा भोसले के निधन के बाद म्यूजिक कंपोजर ललित पंडित ने उनसे जुड़ी यादें अमर उजाला के साथ साझा की हैं।
विस्तार
तमाम फिल्मी गानों को अपनी मखमली आवाज से सजाने वाली दिग्गज गायिका आशा भोसले अब हमारे बीच नहीं रहीं। दिग्गज गायिका के निधन से म्यूजिक कंपोजर ललित पंडित भी बहुत दुखी हैं। अमर उजाला डिजिटल से बात करते हुए म्यूजिक कंपोजर ललित पंडित ने आशा ताई जुड़े कुछ किस्से साझा किए हैं। पढ़िए उनकी जुबानी..
‘आज हमने एक लीजेंड को खो दिया है। पीछे मुड़कर देखते हैं तो लगता है उन्होंने क्या-क्या कमाल का काम किया है। आशा जी उस दौर की गोल्डन लेडी थीं। उन्होंने जितना काम किया है किसी के लिए भी उतना करना बहुत मुश्किल है। मैंने उनके साथ बहुत सारे गाने गाए हैं।
बचपन में, एक चाइल्ड आर्टिस्ट के तौर पर भी उनके साथ गाने गाने का मौका मिला था। ‘परिचय’, ‘अपना देश’ और बहुत सारी फिल्मों में हमने साथ काम किया। मैं, मेरी बहन और हमारा पूरा ग्रुप। हम लोग उनके साथ गाते थे। खासकर पंचम दा के गानों में।
वो मुझे बहुत बचपन से जानती थीं। हम लोग घर-परिवार की तरह जुड़े हुए थे। जब हम लोग बड़े हुए और काम शुरू किया तब भी उन्होंने हमारे लिए गाया। मेरी पहली फिल्म में उन्होंने गाने गाए। ‘दिलवाले’, ‘प्यार तो होना ही था’ जैसी फिल्मों में हमने साथ काम किया।'
(ललित पंडित के साथ आशा भोसले- फोटो क्रेडिट Instagram @Lalit Pandit )
'वो बहुत प्यारी थीं, बहुत हंसमुख और इतनी गर्मजोशी से बात करती थीं कि दिल खुश हो जाता था। उनके अंदर इतनी ऊर्जा, इतनी हिम्मत थी कि इस उम्र में भी वो रियाज करती थीं। खुद रिकॉर्डिंग करना चाहती थीं, ऐसा जुनून बहुत कम लोगों में होता है।
बीच में मेरी उनसे बात भी हुई थी। मैंने सुना था कि उनकी तबीयत ठीक नहीं है। मैंने उनसे कहा था कि मैं मिलने आना चाहता हूं। उन्होंने कहा कि मेरी तबीयत ठीक नहीं रहती। मैंने कहा ठीक है, जैसे ही आप बेहतर महसूस करेंगी, मैं मिलने आऊंगा…और मैं इंतजार ही करता रह गया।’