जब आयुष्मान के थिएटर ग्रुप ने वामिका गब्बी को कर दिया था रिजेक्ट, एक्ट्रेस ने साझा किया मजेदार किस्सा
Wamiqa Gabbi: वामिका गब्बी ने एक पुराना किस्सा साझा किया, जब आयुष्मान के थिएटर ग्रुप ने उन्हें रिजेक्ट कर दिया था। जानिए वामिका ने क्या कुछ बताया…
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आयुष्मान खुराना और वामिका गब्बी हाल ही में रकुल प्रीत सिंह और सारा अली खान के साथ 'पति पत्नी और वो 2' में नजर आए थे। पिछले महीने फिल्म प्रमोशन के दौरान वामिका गब्बी ने आयुष्मान से जुड़ा एक किस्सा भी साझा किया था। जिसमें वामिका ने बताया था कि आयुष्मान खुराना के एक थिएटर ग्रुप ने उन्हें एक बार रिजेक्ट कर दिया था।
वामिका ने साझा किया आयुष्मान के थिएटर से रिजेक्ट होने का किस्सा
‘पति पत्नी और वो दो’ के प्रमोशन के दौरान वामिका गब्बी और आयुष्मान खुराना फिल्म की बाकी कास्ट के साथ एक कॉमेडी शो पर पहुंचे थे। जहां बातचीत के दौरान शो में आयुष्मान ने फिल्म इंडस्ट्री में आने से पहले चंडीगढ़ में अपने कॉलेज के दिनों के बारे में बात की और बताया कि कैसे वह तब से ही एक्टिंग और सिंगिंग में बहुत ज्यादा शामिल थे।
उन्होंने कहा, ‘मेरा एक बैंड और एक थिएटर ग्रुप था, मैं चंडीगढ़ में बहुत मजा कर रहा था।’ वामिका ने उनकी बात बीच में काटते हुए पूछा, ‘यह कौन सा थिएटर ग्रुप था? आगाज?’ फिर उन्होंने बताया कि उन्होंने उस थिएटर ग्रुप के लिए ऑडिशन दिया था।
वामिका ने कहा, ‘उन्होंने मुझे रिजेक्ट कर दिया था।’ थोड़ा शर्मिंदा होते हुए आयुष्मान ने जवाब दिया, ‘मैं उस समय वहां नहीं था। जरूर मेरे जूनियर्स ने ही आपको रिजेक्ट किया होगा।’ वामिका ने तंज कसते हुए कहा, ‘हां। लेकिन अब हम साथ में एक फिल्म कर रहे हैं, तो भाड़ में जाओ।’ बाद में उन्होंने साफ किया, ‘मैं यह बात तुम्हारे जूनियर्स से कह रही हूं, तुमसे नहीं।’
बॉक्स ऑफिस पर खास नहीं रहा था ‘पति पत्नी और वो दो’ का प्रदर्शन
'पति पत्नी और वो 2' का निर्देशन मुदस्सर अजीज ने किया था। यह फिल्म 2019 की फिल्म 'पति पत्नी और वो' का स्पिरिचुअल सीक्वल थी, जिसमें कार्तिक आर्यन, भूमि पेडनेकर और अनन्या पांडे मुख्य भूमिकाओं में थे।
यह फिल्म मई में सिनेमाघरों में रिलीज़ हुई थी, जिसे क्रिटिक्स और दर्शकों से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली और बॉक्स ऑफिस पर भी इसका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा।
वर्कफ्रंट की बात करें तो आयुष्मान और वामिका दोनों के पास कई फिल्में हैं जो जल्द ही आने वाली हैं। आयुष्मान अगली बार आकाश ए. कौशिक की फिल्म 'उड़ता तीर' में नजर आएंगे, जिसमें सारा अली खान भी हैं। इसके अलावा उनकी आने वाली फिल्मों में 'ये प्रेम मोल लिया' और 'मुपापा' भी शामिल हैं।
वहीं, वामिका के पास भी कई भाषाओं में कई प्रोजेक्ट्स हैं। वह तमिल फिल्मों 'इरावकालम', 'जिनी' और 'डीसी' में नजर आएंगी। उनकी अगली तेलुगु फिल्म 'G2' है। उनके पास मलयालम और पंजाबी फिल्में 'टिकी टाका' और 'किकली' भी हैं। उनकी आने वाली हिंदी फिल्मों में राजकुमार राव की 'प्रहार – द उज्ज्वल निकम स्टोरी', 'दिल का दरवाजा खोल ना डार्लिंग' और 'कुकु की कुंडली' शामिल हैं।