Hema Malini: हेमा मालिनी ने लोकसभा में उठाया डीपफेक का मामला, बोलीं- इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए
Hema Malini Raised Deepfake Issue: अभिनेत्री और सांसद हेमा मालिनी ने लोकसभा में हाल ही में डीपफेक का मामला उठाया। उन्होंने कहा कि इसे नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।
विस्तार
अभिनेत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सांसद हेमा मालिनी ने गुरुवार को लोकसभा में एक अहम मुद्दे पर अपनी बात रखी। उन्होंने डीपफेक तकनीक के बढ़ते इस्तेमाल को लेकर चिंता जाहिर की। हेमा मालिनी ने कहा कि इस समस्या को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए, क्योंकि यह किसी की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा सकती है। साथ ही, यह उनके मानसिक स्वास्थ्य को बुरी तरह प्रभावित कर सकती है।
उन्होंने कहा कि फिल्म इंडस्ट्री के लोग इस खतरे का सबसे ज्यादा शिकार बन रहे हैं। हेमा मालिनी ने कहा, "इन सेलिब्रिटीज ने वर्षों की मेहनत से अपनी पहचान बनाई है, लेकिन डीपफेक के जरिए फर्जी वीडियो बनाकर उनकी छवि को धूमिल किया जा रहा है। ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैलते हैं और पीड़ितों के मन पर गहरा असर डालते हैं।"
Disha Salian Case: 'पुलिस ने गुमराह किया, बोलते रहे- बेटी ने आत्महत्या की', दिशा सालियान के पिता का बड़ा बयान
सोशल मीडिया के गलत इस्तेमाल पर भी उन्होंने चिंता जताई। उनके मुताबिक सेलिब्रिटीज को अपनी निजी जिंदगी को लेकर तीखी टिप्पणियों का सामना करना पड़ता है। कई बार सच को तोड़-मरोड़कर गलत कहानियां पेश की जाती हैं जो उनके लिए मुश्किलें खड़ी करती हैं। हेमा मालिनी ने इस मुद्दे पर गंभीरता से विचार करने की मांग की ताकि लोगों को इस परेशानी से बचाया जा सके।
हेमा मालिनी का फिल्मी सफर भी शानदार रहा है। उन्होंने साल 1963 में तमिल फिल्म 'इधु सथियम' से अभिनय की शुरुआत की थी। साल 1968 में आई हिंदी फिल्म 'सपनों का सौदागर' से उन्होंने बॉलीवुड में कदम रखा। राजनीति में आने से पहले वह फिल्मों में बड़ा नाम कमा चुकी थीं। 1999 से बीजेपी का समर्थन करने वाली हेमा मालिनी 2004 में पार्टी की सदस्य बनी थीं। मौजूदा समय में वह मथुरा से लोकसभा की सांसद हैं।
