दिल्ली पुलिस ने लिया रणवीर सिंह की ‘धुरंधर 2’ का सहारा, जमील जमाली के जरिए दिया ये खास संदेश
Delhi Police Road Safety Message: ‘धुरंधर 2’ में राकेश बेदी का जमील जमाली का किरदार काफी लोकप्रिय हो रहा है। अब दिल्ली पुलिस ने भी राकेश बेदी के इस किरदार के जरिए एक खास संदेश साझा किया है। जानिए क्या है ये खास सुरक्षा संदेश…
विस्तार
रणवीर सिंह की ‘धुरंधर 2’ इन दिनों सिनेमाघरों में बनी हुई और बॉक्स ऑफिस पर जमकर पैसा छाप रही है। फिल्म में सबसे ज्यादा तारीफ राकेश बेदी की हो रही है। उन्होंने फिल्म में जमील जमाली का किरदार निभाया है। इस किरदार को काफी पसंद किया जा रहा है। राकेश बेदी के किरदार की पॉपुलर्टी का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि अब दिल्ली पुलिस ने भी उनके किरदार और डायलॉग को कॉपी करते हुए एक गंभीर संदेश जारी किया है।
दिल्ली पुलिस ने जमील जमाली के जरिए दिया सड़क सुरक्षा का संदेश
दिल्ली पुलिस ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम और एक्स पर एक कार्टून शैली का सुरक्षा पोस्टर साझा किया है। इसमें ‘धुरंधर 2’ से राकेश बेदी के किरदार जमील जमाली को हाथ में हेलमेट पकड़े हुए दिखाया गया है।
🪖Helmet Pehnega तभी Syana banega Mera bachcha @dtptraffic#Dhurandhar2#dhurandhar#DhurandharTheRevenge#DPUpdates pic.twitter.com/R5ZaLv8idE
— Delhi Police (@DelhiPolice) March 23, 2026
विभाग ने पोस्टर पर राकेश बेदी के किरदार जमील जमाली द्वारा बोले गए मशहूर डायलॉग ‘बच्चा है तू मेरा’ को लिखा है। पोस्ट पर लिखा है- ‘बच्चा है तू मेरा, ये ले हेलमेट पहन।’ इसके साथ ही दिल्ली पुलिस ने कैप्शन में लिखा है, ‘हेलमेट पहनेगा तभी स्याना बनेगा मेरा बच्चा।’
‘धुरंधर 2’ में जमील जमाली के किरदार में है बड़ा ट्विस्ट
राकेश बेदी ने ‘धुरंधर’ और ‘धुरंधर 2’ में जमील जमाली का किरदार निभाया है। यह कराची के लयारी का एक चालाक और धूर्त पाकिस्तानी राजनेता है। यह किरदार सत्ता में रहना चाहता है। लेकिन ‘धुरंधर 2’ में इस किरदार की अहमियत बढ़ी है। क्योंकि अंत में जमील जमाली भी भारत का खुफिया जासूस दिखाया गया है। यह फिल्म का सबसे बड़ा ट्विस्ट है।
आदित्य धर द्वारा निर्देशित ‘धुरंधर 2’ इन दिनों सिनेमाघरों में बनी हुई है। फिल्म को क्रिटिक्स और दर्शकों से मिली-जुली प्रतिक्रिया ही हासिल हुई है। लेकिन बॉक्स ऑफिस पर फिल्म जबरदस्त प्रदर्शन कर रही है। पांच दिनों में ही फिल्म ने भारत में 500 करोड़ रुपए के आंकड़े को पार कर लिया है। दूसरे पार्ट में रणवीर सिंह के साथ आर माधवन, अर्जुन रामपाल, राकेश बेदी, संजय दत्त और सारा अर्जुन प्रमुख भूमिकाओं में नजर आए हैं।