Dhurandhar Box Office: 500 करोड़ से कितने कदम दूर 'धुरंधर'? स्पाई एक्शन फिल्म ने 14वें दिन भी की धुआंधार कमाई
Dhurandhar Box Office Collection: फिल्म 'धुरंधर' की रिलीज को आज गुरुवार को 14 दिन पूरे हो गए हैं। बॉक्स ऑफिस पर 450 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुकी इस स्पाई एक्शन फिल्म ने आज कैसा प्रदर्शन किया है? जानिए
विस्तार
फिल्म 'धुरंधर' बॉक्स ऑफिस पर एक छत्र राज कर रही है। इसके साथ रिलीज होने वाली फिल्में सहमी हुई हैं तो नई रिलीज होने वाली कुछ फिल्मों की रिलीज डेट में मेकर्स ने बदलाव कर दिए हैं। रणवीर सिंह की इस स्पाई फिल्म ने अब तक कई रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज कर लिए हैं। यह इस साल की दूसरी सबसे शानदार प्रदर्शन करने वाली बॉलीवुड फिल्म बन चुकी है। जानिए आज 14वें दिन इसने कितनी कमाई की है?
ओपनिंग वीक का कलेक्शन
आदित्य धर के निर्देशन में बनी फिल्म 'धुरंधर' ने पहले दिन 28 करोड़ रुपये कमाए थे। वहीं ओपनिंग वीक में इस फिल्म का टोटल कलेक्शन 207.25 करोड़ रुपये रहा था। दूसरे सप्ताह भी इसका दमदार प्रदर्शन जारी है। दूसरे सप्ताहांत में इसने कमाल कर दिया। शनिवार और रविवार दोनों दिन 50 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन जुटाया। कल बुधवार को 13वें दिन का कलेक्शन 25.5 करोड़ रुपये रहा था।
14वें दिन का कलेक्शन
वीकडेज में भी 'धुरंधर' पर झमाझम नोट बरस रहे हैं। सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक इस फिल्म ने आज गुरुवार को 14वें दिन 21.78 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है। फिल्म का घरेलू बॉक्स ऑफिस पर नेट कलेक्शन 459.03 करोड़ रुपये हो चुका है। अब इसका अगला लक्ष्य 500 करोड़ी क्लब में एंट्री लेना है। अगर कमाई का सिलसिला यूं ही जारी रहा तो संभव है फिल्म यह रिकॉर्ड भी बना ले।
इस साल की दूसरी दमदार बॉलीवुड फिल्म
सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक 'धुरंधर' ग्रॉस कलेक्शन के मामले में 500 करोड़ क्लब में एंट्री ले चुकी है। ऐसा करने वाली यह 16वीं भारतीय फिल्म है। घरेलू बॉक्स ऑफिस पर कल बुधवार को इस फिल्म ने ग्रॉस कलेक्शन के मामले में 500 करोड़ी कुनबे में नाम दर्ज करा लिया। फिल्म ने रिलीज के 13वें दिन यह कारनामा कर दिखाया। 500 करोड़ ग्रॉस कलेक्शन का आंकड़ा छूने वाली 'धुरंधर' साल 2025 की तीसरी भारतीय फिल्म है। वहीं, इस मामले में यह बॉलीवुड की दूसरी फिल्म है। इस साल की टॉप बॉलीवुड फिल्म के मामले में 'छावा' पहले नंबर पर है।
सीक्वल के लिए बेताब दर्शक
फिल्म 'धुरंधर' में रणवीर सिंह के अलावा संजय दत्त, अर्जुन रामपाल, आर माधवन और अक्षय खन्ना जैसे सितारे हैं। इस फिल्म में अक्षय खन्ना के अभिनय की जमकर तारीफ हो रही हैं। 'धुरंधर' के पहले पार्ट का एलान हो चुका है और अगले साल मार्च में यह सिनेमाघरों तक पहुंचेगा। 'धुरंधर' के दीवाने दर्शक बेसब्री से सीक्वल का इंतजार कर रहे हैं।