दिलजीत दोसांझ का जिमी फॉलन को दिल छू लेने वाला नोट, बोले- ‘कल्चर दिखाने का मौका देने के लिए थैंक यू भाई’
Diljit Dosanjh: पंजाबी सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ हाल ही में अमेरिकी टीवी शो ‘द टुनाइट शो’ में नजर आए, जहां उन्होंने होस्ट जिमी फॉलन के साथ अपनी नई एल्बम ‘ओरा’ को प्रमोट किया।
विस्तार
पंजाबी सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ का काफी फैन फॉलोइंग है। वे हाल ही में जिमी फॉलन के शो ‘द टुनाइट शो’ में अपनी नई एल्बम ‘ओरा’ को प्रमोट करने पहुंचे। शो में काफी दिलचस्प मूमेंट देखने को मिले। दिलजीत ने शो के बाद एक खास नोट जिमी फॉलन के लिए शेयर किया।
जिमी फॉलन के लिए लिखा प्यारा सा नोट
शो के बाद दिलजीत ने जिमी फॉलन के लिए एक प्यारा सा नोट भी लिखा, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। उन्होंने लिखा, ‘जिमी फॉलन भाई, आपकी एनर्जी बहुत पॉजिटिव है। हमें अपना कल्चर दुनिया के सामने दिखाने का मौका देने के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद। वन लव।’
इसके साथ ही दिलजीत ने शो के बैकस्टेज के कुछ वीडियो भी शेयर किए, जिन्हें फैंस खूब पसंद कर रहे हैं।
वैंकूवर कॉन्सर्ट पर क्या बोले दिलजीत?
शो के दौरान दिलजीत ने अपने वैंकूवर कॉन्सर्ट के बारे में भी बात की, जो उनके लिए सिर्फ एक परफॉर्मेंस नहीं बल्कि एक इमोशनल पल था। उन्होंने बताया कि जिस जगह उन्होंने शो किया, वहां का इतिहास काफी खास है और वहां 1914 के समय भारतीयों के साथ हुई घटनाओं की याद जुड़ी है।
दिलजीत ने कहा कि उसी शहर में अब 50 हजार से ज्यादा लोग उनके शो में शामिल हुए, जो उनके लिए गर्व और इमोशनल कर देने वाला पल था। उन्होंने कहा कि जहां कभी भारतीयों को आने से रोका गया था, वहीं आज उसी जगह पर उनकी संस्कृति को इतने बड़े लेवल पर प्यार मिल रहा है।
वर्कफ्रंट की बात करें तो दिलजीत हाल ही में ‘सरदार जी 3’ और फिल्म ‘बॉर्डर 2’ में नजर आए थे। अब वह जल्द ही इम्तियाज अली की फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ में दिखाई देंगे, जो 12 जून को रिलीज होगी।
