Divya Dutta Exclusive: कॉलेज में किए प्रैंक से मिला सबक, शाहरुख स्टारर ‘वीर जारा’ ऑफर हुई तो कर बैठीं ऐसी गलती
Divya Dutta Exclusive Interview: दिव्या दत्ता ने हालिया रिलीज सीरीज ‘चिरैया’ में अपने अभिनय से सबका दिल जीत लिया। अमर उजाला से हुई खास बातचीत में उन्होंने अपने करियर और शरारतों से जुड़ी कुछ अनसुनी बातें साझा कीं।
विस्तार
अभिनेत्री दिव्या दत्ता को बॉलीवुड में लगभग 32 साल हो चुके हैं। अपने करियर में वह कई उम्दा किरदार निभा चुकी हैं। हाल ही में अमर उजाला डिजिटल से हुई खास बातचीत में उन्होंने बताया कि वह सेट पर खूब प्रैंक करती हैं। फिल्म ‘वीर जारा’ पर भी चर्चा की। बताया कि इसमें शब्बो का किरदार निभाने की उनकी इच्छा नहीं थी पर फिर यह रोल क्याें किया? पढ़िए अभिनेत्री से हुई बातचीत के प्रमुख अंश...
कॉलेज के प्रैंक ने बदली दिव्या की सोच
दिव्या दत्ता ने भले ही करियर में कई गंभीर किरदार किए हों लेकिन असल जिंदगी में वह काफी मस्ती-मजाक करने वाली शरारती लड़की हैं। दिव्या कहती हैं, ‘कॉलेज टाइम में मैं खूब शरारतें करती थी। आज भी फिल्म के सेट पर खूब शरारतें और प्रैंक करती हूं। लेकिन कॉलेज में किए गए एक प्रैंक ने मुझे गहरा सबक दिया। दरअसल, हमारे कॉलेज में एक बेसमेंट था, वह जगह अक्सर बंद रहती थी।
लेकिन मैं हेड गर्ल थी तो उस जगह को एक दिन खुलवा दिया। साथ ही दोस्तों से कहा कि एक क्लास मिस करते हैं। उन्होंने कहा कि क्लास जरूरी है मिस नहीं कर सकते हैं। तो मैंने कहा कि मैं बेहोश होने का नाटक करती हूं, तुम लोग मैडम को बता देना। ऐसा ही हुआ। लेकिन मैडम को जब मेरे बेहोश होने की बात पता चली तो वह दौड़ी-दौड़ी चली आईं, वह काफी परेशान हो गईं। तब मुझे अहसास हुआ कि मजाक ऐसा करो, जो किसी को हंसाए, जिसे सब मिलकर एंजॉय कर सकें। ना कि मजाक से कोई परेशान हो या उसका दिल दुखे।’
श्रेयस तलपदे के साथ की थी मजेदार शरारत
दिव्या आगे बताती हैं, ‘मैं तो फिल्म सेट पर भी खूब शरारत करती हूं। एक बार आउटडोर शूटिंग पर गए। श्रेयस तलपदे भी शूटिंग पर थे। मैंने आवाज बदलकर उनके कमरे में कॉल किया और बताया कि एक कपल बहुत दूर से उनसे मिलने आया है और उनका ऑटोग्राफ चाहता है। श्रेयस कॉल सुनकर अपने फैंस से मिलने आ गया, लेकिन वहां कोई था ही नहीं। शाम के वक्त उसने सबके सामने यह बात बताई, तब मैंने कहा कि वो तो मैंने प्रैंक किया था।’
फिल्म ‘वीर जारा’ में दिव्या दत्ता ने शब्बो का रोल किया था। हालांकि, शुरुआत में उन्हें लगा कि वो इस फिल्म की लीड एक्ट्रेस हैं और वो बहुत खुश हुई कि शाहरुख की एक्ट्रेस बनने वाली हैं। दिव्या बताती हैं, ‘मुझे फिल्में करते हुए कई साल हो चुके थे। मैं भी शाहरुख खान की हीरोइन बनने का सपना देखती थी। लेकिन मुझे फिल्म 'वीर-जारा' में शब्बो का रोल मिला। मैं इसे नहीं करना चाहती थी पर आदित्य चोपड़ा ने कहा कि इस किरदार के लिए तुम याद की जाओगी। ऐसा ही हुआ भी, मुझे शब्बो के किरदार में काफी सराहा गया।'
दिव्या ने आगे बताया, 'आदित्य चोपड़ा ने मुझे एक और सलाह दी थी। जब मैंने उन्हें बताया कि मैंने एक साथ 20 फिल्में साइन की हैं तो उन्होंने कहा कि तुम्हें काम की कमी नहीं है। अच्छा काम करो और अपनी एक विरासत छोड़कर जाओ। मैंने आदित्य की सलाह मानी और जो फिल्में शुरू नहीं की थीं, उनका साइनिंग अमाउंट वापस दिया। उसके बाद करियर में हमेशा सिर्फ अपनी पसंद का ही काम किया।’
पसंदीदा कलाकाराें की लंबी लिस्ट
जब दिव्या दत्ता से पूछा गया कि उनके पसंदीदा कलाकार कौन से हैं? तो वह जवाब देती हैं, ‘हॉलीवुड में मेरिल स्ट्रीप और बॉलीवुड में नूतन और शबाना आजमी जी। अभिनेताओं में अमिताभ बच्चन, बलराज साहनी, रणबीर कपूर, ऋषि कपूर जैसे कई और कलाकार पसंद हैं।’
